Friday, November 6, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडमुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 3848 लाभार्थियों को बड़ी सौगात, सीएम धामी...

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 3848 लाभार्थियों को बड़ी सौगात, सीएम धामी ने खातों में भेजे 33.22 करोड़ रुपये

देहरादून। उत्तराखंड सरकार द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और राज्य में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एक बार फिर प्रभावी साबित हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को योजना के अंतर्गत 3848 लाभार्थियों के बैंक खातों में 33.22 करोड़ रुपये की धनराशि का ऑनलाइन माध्यम से सीधे हस्तांतरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड का युवा नौकरी की तलाश करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना पलायन रोकने, रिवर्स माइग्रेशन को प्रोत्साहित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोविड-19 के दौरान अन्य राज्यों से लौटे प्रवासी, युवा उद्यमी, कारीगर, हस्तशिल्पी और शिक्षित बेरोजगार इस योजना के प्रमुख लाभार्थी हैं। योजना के अंतर्गत राज्य के मूल और स्थायी निवासियों को विनिर्माण, सेवा और व्यापार क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत, सहकारी तथा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि योजना के तहत विनिर्माण इकाइयों के लिए अधिकतम 25 लाख रुपये तक और सेवा एवं व्यापार इकाइयों के लिए 10 लाख रुपये तक की परियोजना लागत स्वीकृत की जाती है। साथ ही परियोजना लागत का 15 से 25 प्रतिशत तक अनुदान (सब्सिडी) के रूप में प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस योजना के तहत लगभग 32 हजार लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन अब तक 35 हजार से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के अंतर्गत अब तक 1,389 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है, जिससे लगभग 64,966 नए रोजगार सृजित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को सब्सिडी की राशि ऑनलाइन माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी गई है, जो सरकार की पारदर्शी, तकनीक-आधारित और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यप्रणाली का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है। हमारा लक्ष्य है कि हर जिले में स्थानीय उद्यम स्थापित हों, हर गांव में रोजगार के अवसर सृजित हों और हर युवा को सम्मानजनक आजीविका मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के अनुरूप डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से सशक्त बना रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments