नैनीताल। जनपद के मोटाहल्दू क्षेत्र में कक्षा 10 की एक छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा की स्कूल ड्रेस खेत में मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमें गठित कर तलाश अभियान तेज कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शक्तिफार्म निवासी सतीश उपाध्याय की पुत्री ललिता गुरुवार को मोटाहल्दू चौराहे स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गई थी। दोपहर करीब 2:05 बजे छुट्टी के बाद वह अपनी सहेली के साथ घर के लिए निकली। हाईवे पार करने के बाद सहेली अपने घर चली गई, लेकिन ललिता कालिका मंदिर स्थित अपने घर नहीं पहुंची।
जब काफी देर तक छात्रा घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान मदरसन कंपनी के पास खेत में झाड़ियों के बीच छात्रा की स्कूल ड्रेस पड़ी मिली, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। एसपी सिटी जगदीश चंद्र, सीओ अमित कुमार सैनी और कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा समेत एसओजी, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड ने कपड़ों के आधार पर छात्रा की तलाश करते हुए स्कूल तक ट्रैक किया। इस दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में कई कैमरे खराब पाए गए हैं, जिससे पड़ताल में बाधा आ रही है। उपलब्ध फुटेज में छात्रा कपड़े मिलने के स्थान से कुछ दूरी पहले तक नजर आई है।
कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है।
डायल 112 की सूचना पर लालकुआं कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि छात्रा की जल्द बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।
घटना के बाद से क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।