Wednesday, April 29, 2026
Homeअपराधनैनीताल: चालान के बाद युवक की आत्महत्या, पुलिस पर प्रताड़ना के आरोपों...

नैनीताल: चालान के बाद युवक की आत्महत्या, पुलिस पर प्रताड़ना के आरोपों से मचा हड़कंप

नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहाली निवासी 40 वर्षीय बालम सिंह, पुत्र कुंदन सिंह, को सोमवार शाम खैरना चौकी पुलिस द्वारा उस समय हिरासत में लिया गया जब वह कथित तौर पर वीडियो बना रहा था। पुलिस उसे चौकी ले गई और गरमपानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में शराब के सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की।

चालान काटने के बाद पुलिस ने बालम सिंह को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोप है कि देर रात युवक ने अपनी बहन मुन्नी देवी और जीजा को फोन कर पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही और मानसिक तनाव में होने की जानकारी दी। इसके कुछ समय बाद उसने घर पर ही आत्महत्या कर ली।

परिजन उसे तत्काल गरमपानी सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा, जहां पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी और विशेषज्ञों के पैनल की निगरानी में कराई गई। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

एसपी ने आरोपों को बताया निराधार

मामले में उठ रहे सवालों पर नैनीताल के एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा ने कहा कि पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने बताया कि युवक को शराब के नशे में वीडियो बनाने के कारण रोका गया था और मेडिकल में इसकी पुष्टि होने के बाद नियमानुसार चालान किया गया।

एसपी ने स्पष्ट किया कि चालान के बाद युवक को सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंप दिया गया था। देर रात आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी कहा कि युवक के साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई है और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है।

उन्होंने परिजनों से अपील की कि यदि उन्हें किसी प्रकार की शिकायत है तो वे लिखित तहरीर दें, जिसके आधार पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments