Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडNew Year 2026: नए साल के स्वागत को तैयार देहरादून–मसूरी, 30 दिसंबर...

New Year 2026: नए साल के स्वागत को तैयार देहरादून–मसूरी, 30 दिसंबर से लागू ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस-प्रशासन अलर्ट

देहरादून/मसूरी।
नए साल 2026 के जश्न को लेकर देहरादून और मसूरी पूरी तरह तैयार हैं। पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। देहरादून से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए यह व्यवस्था 30 दिसंबर से लागू कर दी गई है, जो 31 दिसंबर की रात तक प्रभावी रहेगी।

प्रशासन का उद्देश्य है कि नए साल के मौके पर पर्यटकों को जाम की परेशानी न हो और वे सुरक्षित व सुगम यात्रा कर सकें। इसके लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

मसूरी में नए साल की रौनक

नए साल के स्वागत के लिए मसूरी को भव्य रूप से सजाया गया है। शहर के होटल, दुकानें और पर्यटन स्थल रोशनी और सजावट से जगमगा रहे हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होटलों में विशेष न्यू ईयर पैकेज तैयार किए गए हैं। साथ ही मनोरंजन के लिए गीत-संगीत और कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा और ट्रैफिक पर खास नजर

सीओ मसूरी मनोज असवाल ने बताया कि नए साल के दौरान मसूरी में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। सभी डायवर्जन प्वाइंट्स पर पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर बड़ी बसों को किंग्रेग क्षेत्र में रोका जाएगा और जरूरत पड़ने पर शटल सेवा शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ पीएसी की एक पुरुष और एक महिला प्लाटून भी तैनात की जाएगी। नए साल की रात देर तक लगातार गश्त की जाएगी और हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

होटल कारोबार में बढ़ी रफ्तार

मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि नए साल को लेकर होटल कारोबारियों में उत्साह है। फिलहाल करीब 50 प्रतिशत एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जबकि 31 दिसंबर तक इसमें और बढ़ोतरी की उम्मीद है। बड़े और स्टार कैटेगरी के होटलों में लगभग 60 प्रतिशत एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है। इस बार नए साल पर मसूरी में बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की संभावना है।

नगर पालिका ने तेज की तैयारियां

नगर पालिका प्रशासन ने भी नए साल की तैयारियों को अंतिम रूप देने का दावा किया है। अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि शहर की सजावट और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है, ताकि पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो।

क्यों बदला गया ट्रैफिक रूट

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि नए वर्ष पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक देहरादून और मसूरी आते हैं। जाम की स्थिति से बचने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट की जानकारी अवश्य ले लें।


यह रहेगा ट्रैफिक रूट प्लान

दिल्ली, रुड़की-सहारनपुर से मोहंड होकर मसूरी जाने वाले वाहन:
आईएसबीटी → शिमला बाईपास → सेंट ज्यूड्स चौक → बल्लूपुर चौक → गढ़ी कैंट तिराहा → अनारवाला तिराहा → जोहड़ी गांव → मसूरी रोड → कुठाल गेट → मसूरी

दिल्ली, हरिद्वार-ऋषिकेश से जोगीवाला होकर मसूरी जाने वाले वाहन:
मोहकमपुर फ्लाईओवर → जोगीवाला से यू-टर्न → पुलिया नंबर-6 → रिंग रोड → लाडपुर तिराहा → सहस्रधारा क्रॉसिंग → आईटी पार्क → किशनाली चौक → साईं मंदिर तिराहा → मसूरी डायवर्जन → कुठाल गेट → मसूरी


मसूरी में पार्किंग स्थल

पिक्चर पैलेस, लंढौर रोड, कैम्प्टी टैक्सी स्टैंड, टाउनहॉल के नीचे, किंग्रेग, मसूरी के समस्त होटल परिसर, अटल उद्यान (कंपनी गार्डन) रोड, मैसानिक लॉज बस अड्डा, विकास होटल पार्किंग कुलड़ी और गज्जी बैंड में सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

देहरादून में पार्किंग स्थल

रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड, पुराना रोडवेज बस अड्डा, काबुल हाउस, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, घंटाघर के पास एमडीडीए पार्किंग और तहसील चौक के पास राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

प्रशासन ने पर्यटकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग व रूट का उपयोग करने की अपील की है, ताकि नए साल का जश्न सुरक्षित और यादगार बनाया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments