Sunday, October 25, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधपौड़ी में युवक को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश, 45 फीसदी झुलसा;...

पौड़ी में युवक को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश, 45 फीसदी झुलसा; आरोपी फरार

पौड़ी जनपद के थलीसैंण थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। रौली गांव में शनिवार शाम एक युवक पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रौली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (40) पर गांव के ही आनंद सिंह ने कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। घटना के दौरान वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

घायल युवक को 108 आपातकालीन सेवा की सहायता से पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार वीरेंद्र सिंह करीब 45 फीसदी तक झुलस गया है। हालांकि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

थानाध्यक्ष रविंद्र नेगी ने बताया कि आरोपी आनंद सिंह घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं यह भी जानकारी सामने आई है कि घटना के दौरान आरोपी आनंद सिंह का हाथ भी झुलस गया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments