Sunday, November 8, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डप्रदेश के निजी मेडिकल कॉलेज देंगे यात्रा में सहयोग, बदरी-केदार यात्रा का...

प्रदेश के निजी मेडिकल कॉलेज देंगे यात्रा में सहयोग, बदरी-केदार यात्रा का बेस कैंप होगा श्रीनगर

चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने में निजी मेडिकल कॉलेज भी सहयोग देंगे। बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा का बेस कैंप श्रीनगर मेडिकल कॉलेज रहेगा। जबकि गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के यात्रियों को एम्स ऋषिकेश के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य निदेशालय में चारधाम यात्रा को लेकर विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने इस बार निजी क्षेत्र के मेडिकल कॉलेजों की सेवाएं भी लेने का निर्णय लिया है।
इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को निजी मेडिकल कॉलेजों के प्रबंधकों से संपर्क कर स्वास्थ्य सेवाओं का खाका तैयार करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस साल चारधाम यात्रा में 50 लाख तक तीर्थयात्री आने की संभावना है। इसे देखते सरकार ने पिछले अनुभवों के आधार पर सभी यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। सरकारी के साथ ही निजी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों, पीजी छात्रों के साथ ही पैरामेडिकल स्टॉफ की भी सेवाएं ली जाएंगी। बैठक में अपर सचिव स्वास्थ्य अमनदीप कौर, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ.विनीता शाह, निदेशक स्वास्थ्य डॉ.मीतू शाह, निदेशक एनएचएम डॉ.सरोज नैथाणी के अलावा निजी मेडिकल कॉलेजों के प्रतिनिधि मौजूद थे। कुछ अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने वर्चुअल रूप से बैठक में भाग लिया।
अपर सचिव अमनदीप कौर को बनाया नोडल अधिकारी
अपर सचिव स्वास्थ्य अमनदीप कौर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जो स्वास्थ्य महानिदेशालय के साथ ही राजकीय व निजी मेडिकल कॉलेजों के साथ ही समन्वय स्थापित कर चारधाम मार्गों में मेडिकल टीमों की तैनाती के लिए रूट चार्ट तैयार करेंगी। इस संबंध में निजी मेडिकल कॉलेजों महंत इन्दिरेश मेडिकल कॉलेज, हिमालयन मेडिकल कॉलेज, सुभारती मेडिकल कॉलेज ने चारधाम यात्रा में अपना योगदान देने के लिए सहमति दे दी है। मेडिकल कॉलेजों से कार्डियोलॉजिस्ट, फिजिशयन, हड्डी रोग समेत अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टॉफ का सहयोग लिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर निजी अस्पतालों मैक्स हॉस्पिटल, सिनर्जी अस्पताल, सीएमआई अस्पताल, कैलाश अस्पताल, आरोग्य धाम अस्पताल के साथ ही आईएमए के डॉक्टरों का भी सहयोग लिया जाएगा।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में बनेगी कार्डिक यूनिट
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा का मुख्य बेस कैंप मानकर उच्च स्तरीय कार्डिक यूनिट तैयार की जाएगी। जिसका संचालन दक्षिण भारत की प्रमुख संस्था मेडिट्रिना हेल्थ केयर ने संभालने की जिम्मेदारी ली है। इसी तरह यमुनोत्री व गंगोत्री यात्रा के लिए एम्स ऋषिकेश में मुख्य बेस कैंप रहेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments