काशीपुर। वीपीडीओ और वीडीओ की परीक्षा रद्द कर दो माह के भीतर एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराने के लिए काशीपुर के बेेरोजगार युवाओं ने जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के आवास का घेराव कर नारेबाजी की और सीएम को संबोधित ज्ञापन विधायक को सौंपा। विधायक ने सीएम से वार्ता करने का आश्वासन दिया है।वीपीडीओ और वीडीओ पदों पर भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने चार, पांच दिसंबर को स्नातक स्तरीय परीक्षा कराई थी। इस परीक्षा का पेपर लीक होने की जांच उत्तराखंड एसटीएफ को सौंपी गई। एसटीएफ ने मामले का खुलासा कर 13 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके बावजूद यह परीक्षा रद्द नहीं की गई है। इसके विरोध में बुधवार को सैकड़ों बेरोजगारों ने जुलूस निकाला।
उन्होंने बाजपुर रोड स्थित भाजपा विधायक आवास पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विधायक को अपनी पीड़ा बताई। कहा कि इतना बड़ा भ्रष्टाचार उजागर होने के बावजूद परीक्षा रद्द नहीं की गई है जबकि ऐसे ही मामले में हिमाचल प्रदेश में परीक्षा रद्द की जा चुकी है। खुद आयोग अध्यक्ष एस राजू भी इस मामले में बड़ा भ्रष्टाचार होने की बात कबूल कर चुुके हैं।युवाओं का कहना था कि उनके पास लाखों की रिश्वत देने के लिए रुपये नहीं हैं। उन्होंने स्नातक स्तरीय इस परीक्षा को रद्द कर इसे दो माह के भीतर एक ही शिफ्ट में कराने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर भर्ती परीक्षा रद्द नहीं की गई तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में आकाश शर्मा, राहुल कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, सत्यम, नितिन, संजय सिंह, सौरभ, विनोद, पंकज, अरुण, आदर्श, मनीष, भूपेंद्र आदि थे।