Monday, November 2, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeनेशनलकांग्रेस नेता राजीव शुक्ला का खुलासा: भाजपा महासचिव रहते भी नरेंद्र मोदी...

कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला का खुलासा: भाजपा महासचिव रहते भी नरेंद्र मोदी साथ रखते थे छोटा कंप्यूटर

नई दिल्ली।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक कार्यशैली को लेकर एक रोचक किस्सा साझा किया है। शुक्ला ने बताया कि जब नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी में संगठन महासचिव के पद पर थे, तब भी वह अपने साथ एक छोटा कंप्यूटर रखते थे, जिससे उनकी योजनाबद्ध सोच और तकनीक के प्रति रुचि साफ झलकती थी।

राजीव शुक्ला ने एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में बताया कि यह अनुभव उस समय का है, जब वह अपने लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम ‘रूबरू’ के लिए नरेंद्र मोदी का साक्षात्कार लेने गए थे। यह मुलाकात दिवंगत भाजपा नेता अरुण जेटली के आवास पर हुई थी। शुक्ला के अनुसार, संभवतः यह नरेंद्र मोदी का शुरुआती टीवी इंटरव्यू था।

उन्होंने कहा कि इंटरव्यू के दौरान उन्होंने देखा कि मोदी पूरी तैयारी के साथ आए थे और अपने साथ छोटा कंप्यूटर लाए हुए थे। उस समय नरेंद्र मोदी पार्टी संगठन में एक बड़ा चेहरा थे और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनने का नहीं था अंदाजा

जब राजीव शुक्ला से पूछा गया कि क्या उस वक्त उन्हें लगा था कि नरेंद्र मोदी भविष्य में मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बनेंगे, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा बिल्कुल नहीं लगा था। शुक्ला के मुताबिक, इंटरव्यू के दौरान मोदी ने स्पष्ट किया था कि वह चुनावी राजनीति में नहीं आना चाहते और संगठनात्मक कार्यों में ही सक्रिय रहना चाहते हैं।

हालातों ने बदला राजनीतिक सफर

शुक्ला ने बताया कि नरेंद्र मोदी ने कहा था कि परिस्थितियों के चलते उन्हें गुजरात जाना पड़ा। इसके बाद उनका राजनीतिक सफर नई दिशा में बढ़ा। नरेंद्र मोदी ने 1995 से भाजपा के राष्ट्रीय सचिव के रूप में काम किया और हरियाणा व हिमाचल प्रदेश में पार्टी की जिम्मेदारियां संभालीं। बाद में संगठन महासचिव के रूप में उन्होंने 1998 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति को मजबूत किया।

सितंबर 2001 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के फोन के बाद वह गुजरात के मुख्यमंत्री बने। करीब 13 साल तक मुख्यमंत्री रहने के बाद उन्होंने 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।

तकनीक पर विशेष जोर

प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नरेंद्र मोदी तकनीक के इस्तेमाल को लेकर विशेष रूप से जाने जाते हैं। डिजिटल माध्यमों के जरिए शासन को पारदर्शी और जनसुलभ बनाने पर उन्होंने लगातार जोर दिया है।

कांग्रेस में रिश्तों को लेकर आज़ादी

एक अन्य सवाल पर राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा नेताओं से उनके संबंधों को लेकर कांग्रेस पार्टी या गांधी परिवार ने कभी कोई आपत्ति नहीं जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में विचारों और संबंधों को लेकर पूरी आज़ादी है।

गौरतलब है कि राजीव शुक्ला वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य होने के साथ-साथ बीसीसीआई के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments