Thursday, November 12, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डकारागार विभाग में बंदीरक्षक के 238 पदों पर निकली भर्ती, पढ़ें आवेदन...

कारागार विभाग में बंदीरक्षक के 238 पदों पर निकली भर्ती, पढ़ें आवेदन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने कारागार विभाग में बंदीरक्षक के 238 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके लिए 15 नवंबर से पांच दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को चयन के लिए पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा और फिर लिखित परीक्षा देनी होगी। आयोग के सचिव जीएस रावत के मुताबिक, जेल बंदीरक्षक के 214 और महिला जेल बंदीरक्षक के 24 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि जेल बंदीरक्षक के पदों के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। उसे देवनागरी लिपि में हिंदी का ज्ञान भी होना चाहिए।
महिला, पुरुष उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग ऊंचाई के मानक
पुरुष उम्मीदवारों के लिए पर्वतीय क्षेत्र को छोड़कर सामान्य, पिछड़ी व एससी उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 165 सेमी और पर्वतीय क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए 160 सेमी होनी चाहिए। अनुसूचित जनजाति उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 157.5 सेमी है। वहीं, महिला बंदीरक्षक उम्मीदवारों के लिए पर्वतीय क्षेत्र को छोड़कर जनरल, ओबीसी उम्मीदवारों के लिए कम से कम 152 सेमी और एससी, एसटी उम्मीदवारों के लिए 147 सेमी ऊंचाई होनी चाहिए। उम्मीदवारों के लिए आयु 21 से 35 वर्ष होनी चाहिए। जिन उम्मीदवारों ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से निकाली गई बंदीरक्षक भर्ती में आवेदन किया था, उनकी आयु की गणना एक जुलाई 2020 के आधार पर और नए उम्मीदवारों की आयु की गणना एक जुलाई 2022 के आधार पर की जाएगी। आवेदन के शुल्क में छूट दी गई है।
बंदीरक्षक भर्ती के पद बढ़े
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बंदीरक्षक भर्ती के लिए 28 जून 2021 को विज्ञापन जारी किया था। उसमें पुरुष बंदीरक्षक के 200 और महिला बंदीरक्षक के 13 पद थे। अब उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जो विज्ञापन जारी किया है, उसमें पुरुष बंदीरक्षक के 214 और महिला बंदीरक्षक के 24 पद हो गए हैं।
100 अंकों की शारीरिक दक्षता, 100 की परीक्षा
आयोग इस भर्ती के लिए 100 अंकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा कराएगा, जिसमें पास होने के लिए न्यूनतम 50 अंक लाने अनिवार्य हैं। इसके बाद चुने गए उम्मीदवारों की वस्तुनिष्ठ प्रकार की 100 अंकों की परीक्षा कराई जाएगी। यहां करें आवेदन – psc.uk.gov.in
अगली भर्ती कनिष्ठ सहायक की
राज्य लोक सेवा आयोग अब अगली भर्ती विभिन्न विभागों में कनिष्ठ सहायक की निकालेगा। इसके अधियाचन में कुछ आपत्तियां थीं, जो कि दूर कराई जा रही हैं। आयोग इस परीक्षा से 519 पद भरेगा। महीने के आखिरी सप्ताह में आयोग यह भर्ती निकालेगा, जिसकी परीक्षा अगले साल 23 अप्रैल को प्रस्तावित है।
रेंजर भर्ती मुख्य परीक्षा पांच दिसंबर से
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की वन क्षेेत्राधिकारी भर्ती की मुख्य परीक्षा पांच से नौ दिसंबर के बीच होगी। आयोग के सचिव जीएस रावत के मुताबिक, परीक्षा का केंद्र उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में ही बनाया गया है। इस परीक्षा के एडमिट कार्ड 20 नवंबर से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाएंगे। किसी भी उम्मीदवार को डाक के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजे जाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments