Monday, November 9, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डसौर ऊर्जा संयंत्र का सामान ले जा रहे वाहन लौटाए

सौर ऊर्जा संयंत्र का सामान ले जा रहे वाहन लौटाए

अल्मोड़ा। भनोली तहसील के ग्राम पंचायत झालडुंगरा के तोक सेरी में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का विरोध नहीं थम रहा है। लंबे समय से सौर ऊर्जा संयंत्र का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने प्लांट के लिए जरूरी सामान ले जा रहे एक ट्रक और ट्रैक्टर को लौटा दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि कंपनी को रास्ता नहीं दिया जाएगा। सौर ऊर्जा संयंत्र की कंपनी के दो वाहन शुक्रवार को सेरी पहुंचे। इन्हें देख ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। ग्रामीणों ने सामान से लदे ट्रक और ट्रैक्टर को रोक कर इसकी सूचना राजस्व पुलिस को दी। कंपनी के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों ने खेतों से वाहन न ले जाने का लिखित आश्वासन दिया। तभी ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी ने फर्जी तरीके से दो नाली भूमिधर वालों से 10 नाली भूमि की लीज दो-तीन बार कराई है जिसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने बताया कि सेरी में 250 परिवारों की 500 नाली से अधिक उपजाऊ कृषि भूमि है। कंपनी ने 45 परिवारों को आर्थिक प्रलोभन देकर उनकी जमीनों को 30 साल की लीज पर ले लिया जबकि 150 से अधिक परिवार सौर ऊर्जा संयंत्र का विरोध कर रहे हैं। इसके बावजूद कंपनी के अधिकारी उनके उपजाऊ खेतों में जबरन ट्रैक्टर और ट्रक दौड़ा रहे हैं। इसे नहीं सहा जाएगा। विरोध करने वालों में भूमिया देवता संघर्ष समिति के सचिव कुंवर सिंह बगड़वाल, कोषाध्यक्ष मोहन नाथ, प्रधान गोविंद सिंह बगड़वाल, कुंवर सिंह, जीवन सिंह रावत, विनोद जोशी, शांति रावत, लीला देवी आदि शामिल रहे। सौर ऊर्जा संयंत्र की कंपनी के लिए ग्रामीणों के खेतों से जबरन ट्रक, ट्रैक्टर ले जाने की शिकायत मिली थी। कंपनी प्रतिनिधियों ने भविष्य में ऐसा न करने का लिखित प्रमाणपत्र दिया है। इसके बाद भी कोई शिकायत हुई तो कार्रवाई की जाएगी। – दिकपाल सिंह बोरा, राजस्व उप निरीक्षक, फूटा, अल्मोड़ा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments