ऋषिकेश में दर्दनाक सड़क हादसा, कार से कुचलकर दो साल के बच्चे की मौत
ऋषिकेश क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। गूलरघाटी-नकरौंदा मार्ग पर भद्रकाली माता मंदिर के पास एक कार की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार घटना हर्रावाला पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत गूलरघाटी स्थित माता भद्रकाली मंदिर के पास दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि एक कार सवारियों को लेने के लिए गूलरघाटी पहुंची थी। जब चालक सवारियों को बैठाकर कार को सड़क पर ला रहा था, उसी दौरान अचानक सड़क पर आया दो साल का बच्चा वाहन की चपेट में आ गया।
मौके पर ही तोड़ा दम
कार के नीचे आने से बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर हर्रावाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हर्रावाला पुलिस चौकी प्रभारी विजय थपलियाल ने बताया कि मृतक बच्चे की पहचान प्रवीण (2 वर्ष) पुत्र रामलाल के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और फिलहाल गूलरघाटी क्षेत्र में निवास कर रहा था।
मां करती है दिहाड़ी मजदूरी
पुलिस के अनुसार हादसे के समय चालक को सड़क पर आया बच्चा दिखाई नहीं दिया, जिससे यह दुर्घटना हो गई। मासूम की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि बच्चे की मां दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है।
पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।