Sunday, February 1, 2026
Homeउत्तराखंडऋषिकेश में गंगा तट का कलाकार बना आकर्षण, 15 मिनट में स्केच...

ऋषिकेश में गंगा तट का कलाकार बना आकर्षण, 15 मिनट में स्केच बनाकर बिखेर रहा कला का जादू

ऋषिकेश। योगनगरी ऋषिकेश के गंगा तट पर इन दिनों एक कलाकार अपनी अनोखी चित्रकला से पर्यटकों का दिल जीत रहा है। गंगा किनारे बैठकर लोगों के स्केच बनाने वाले इस कलाकार का हुनर देखते ही बनता है। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से आए 52 वर्षीय विमल मात्र 14 से 15 मिनट में किसी भी व्यक्ति का जीवंत स्केच तैयार कर देते हैं, जिसे देखकर सैलानी मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।

विमल बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही चित्रकारी का शौक रहा है। समय के साथ उन्होंने अपने इस शौक को आजीविका का साधन बना लिया। शुरुआत उन्होंने उत्तर प्रदेश से की, जिसके बाद करीब सात वर्षों तक दिल्ली में रहकर अपनी कला को निखारा। कोरोना काल के बाद वह ऋषिकेश आ गए और यहीं बस गए।

बीते चार वर्षों से विमल नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में गंगा लाइन किनारे बैठकर देशी और विदेशी पर्यटकों के स्केच तैयार कर रहे हैं। पर्यटक न सिर्फ उनके काम की तारीफ करते हैं, बल्कि इसे यादगार के तौर पर अपने साथ भी ले जाते हैं। उनकी एक स्केच की कीमत आमतौर पर 500 रुपये से शुरू होती है, हालांकि अंतिम कीमत कदरदान की इच्छा और काम की बारीकी पर निर्भर करती है।

विमल अब तक कई जानी-मानी हस्तियों और बॉलीवुड कलाकारों के स्केच भी बना चुके हैं। उनका कहना है कि कला ने उन्हें आत्मविश्वास दिया है और पहचान भी दिलाई है। गंगा तट पर बैठा यह कलाकार आज अपनी मेहनत और हुनर के दम पर न सिर्फ रोज़गार कमा रहा है, बल्कि ऋषिकेश आने वाले सैलानियों को एक अनोखा अनुभव भी दे रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments