Wednesday, February 25, 2026
Homeउत्तराखंडऋषिकेश में आईजी अनंत शंकर की सरकारी गाड़ी हादसे का शिकार, सामने...

ऋषिकेश में आईजी अनंत शंकर की सरकारी गाड़ी हादसे का शिकार, सामने से आई कार की टक्कर, चालक को आई नींद की झपकी

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) अनंत शंकर ताकवाले की सरकारी कार सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। यह हादसा नटराज चौक से करीब एक किलोमीटर आगे सात मोड़ के पास हुआ, जहां विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने आईजी के वाहन को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय नरेंद्र नगर में पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षुओं का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आईजी अनंत शंकर ताकवाले नरेंद्र नगर पहुंचे थे। समारोह संपन्न होने के बाद जब वह शाम करीब साढ़े चार बजे देहरादून लौट रहे थे, तभी सात मोड़ के समीप देहरादून की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर उनकी सरकारी गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

चालक ने स्वीकार की गलती
हादसे के बाद दूसरी कार के चालक ने पुलिस के समक्ष अपनी गलती स्वीकार की। चालक ने बताया कि वाहन चलाते समय उसे अचानक नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वह कार पर नियंत्रण खो बैठा और आईजी की गाड़ी से टक्कर हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, यातायात कराया सुचारू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। शुरुआती समय में मौके पर भीड़ और हलचल रही, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आईजी की क्षतिग्रस्त सरकारी कार को रानीपोखरी थाने ले जाया गया है, जबकि दूसरी कार को कोतवाली ऋषिकेश में खड़ा कराया गया है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments