Thursday, October 8, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधरुड़की में सेना की वर्दी का प्रतिबंधित कपड़ा बेचते पकड़ा गया दुकानदार,...

रुड़की में सेना की वर्दी का प्रतिबंधित कपड़ा बेचते पकड़ा गया दुकानदार, पुलिस व आर्मी इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में सेना की वर्दी के लिए इस्तेमाल होने वाला प्रतिबंधित कपड़ा बेचने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस और आर्मी इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने लालकुर्ती क्षेत्र में एक दुकान पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में कपड़ा बरामद किया। पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को आर्मी इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि लालकुर्ती क्षेत्र में स्थित एक दुकान पर अवैध रूप से सेना की वर्दी बनाने में इस्तेमाल होने वाला कपड़ा बेचा जा रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए आर्मी इंटेलिजेंस और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान टीम ने दुकान से करीब 400 मीटर सेना की वर्दी का प्रतिबंधित कपड़ा बरामद किया। जांच में सामने आया कि संबंधित दुकान को सेना की वर्दी का कपड़ा बेचने की कोई आधिकारिक अनुमति नहीं थी, इसके बावजूद दुकानदार अवैध रूप से इस कपड़े की बिक्री कर रहा था।

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि दुकान से बरामद कपड़े को जब्त कर लिया गया है और दुकानदार को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुकानदार बिना किसी वैध अनुमति के सेना की वर्दी का कपड़ा बेच रहा था, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मामला है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में दुकानदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वह यह कपड़ा कहां से लाता था और किन लोगों को बेचता था।

इस कार्रवाई के बाद लालकुर्ती बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अन्य दुकानों की भी जांच की जाएगी, ताकि सेना की वर्दी या उससे संबंधित सामग्री की अवैध बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments