Thursday, April 23, 2026
Homeउत्तराखंडरुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा: भीरी-ककोला मार्ग पर 250 मीटर गहरी खाई...

रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा: भीरी-ककोला मार्ग पर 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन युवकों की मौत

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर गुरुवार को एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली ऊखीमठ पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसडीआरएफ पोस्ट अगस्तमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार की अगुवाई में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अंधेरा और दुर्गम स्थल होने के बावजूद जवानों ने खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद दो शवों को बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीसरे शव को निकालने का प्रयास जारी रहा।

पुलिस ने मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष), अंशुल (28 वर्ष) और अमित सिंह (35 वर्ष) के रूप में की है। तीनों युवक रुद्रप्रयाग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments