रुद्रप्रयाग: नाबालिग छात्रा ने बच्ची को दिया जन्म, नवजात को दत्तक ग्रहण अभिकरण को सौंपा गया
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक नाबालिग छात्रा द्वारा बच्ची को जन्म देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नवजात शिशु को बाल कल्याण समिति के निर्देश पर स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी (विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण) को सौंप दिया गया है। वहीं, मामले में दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा को परिजन पेट दर्द की शिकायत होने पर जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग लेकर पहुंचे थे। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने छात्रा को बेहतर उपचार और जांच के लिए बेस चिकित्सालय श्रीनगर रेफर कर दिया।
बेस अस्पताल में किए गए अल्ट्रासाउंड परीक्षण के दौरान छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकीय निगरानी में बाद में छात्रा ने एक बच्ची को जन्म दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने मामले से संबंधित विभागों को अवगत कराया।
बताया जा रहा है कि बच्ची के संरक्षक ने नवजात को अपनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सूचना दी। समिति के निर्देश पर नवजात शिशु को रुद्रप्रयाग स्थित विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के सुपुर्द कर दिया गया।
दत्तक ग्रहण अभिकरण के प्रबंधक पुनीत चौकियाल ने बताया कि फिलहाल नवजात की देखभाल एजेंसी द्वारा की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि करीब दो माह बाद केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) के पोर्टल के माध्यम से विधिक दत्तक ग्रहण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वहीं, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक रंजना गैरोला ने बताया कि मामले में दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है और नाबालिग छात्रा को आवश्यक चिकित्सकीय एवं परामर्श सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।