Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तराखंडUttarakhand: रुद्रप्रयाग की सभ्या नेगी का महिला अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयन,...

Uttarakhand: रुद्रप्रयाग की सभ्या नेगी का महिला अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयन, गांव में ढोल-दमाऊं के साथ हुआ भव्य स्वागत

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले की होनहार क्रिकेटर सभ्या नेगी का उत्तराखंड महिला अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊं बजाकर और फूलमालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।

अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बच्छणस्यूं पट्टी स्थित मर्गांव (पणधारा) की रहने वाली 24 वर्षीय सभ्या नेगी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। वह दरबान सिंह नेगी की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद सभ्या ने लगातार अभ्यास और लगन के बल पर क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है।

सभ्या नेगी बतौर ऑलराउंडर मैदान पर शानदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं। इससे पहले भी वह उत्तराखंड महिला प्रीमियर लीग में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुकी हैं। फाइनल मुकाबले में उन्होंने तीन अहम विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

उनकी इस उपलब्धि पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों और युवाओं ने सभ्या का जोरदार स्वागत करते हुए उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया।

ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट ने कहा कि सभ्या नेगी ने क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

परिजनों और ग्रामीणों ने सभ्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments