रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के सुमाड़ी क्षेत्र में महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि 6 मार्च की शाम करीब 7:33 बजे जखोली चौकी प्रभारी को सुमाड़ी निवासी योगेन्द्र सिंह ने फोन कर एक मकान में शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जांच में सामने आया कि नेपाल निवासी दीपक बहादुर करीब एक माह से अपनी पत्नी और नौ वर्षीय बेटे के साथ सुमाड़ी में किराये के मकान में रह रहा था। कुछ दिनों से मकान के आसपास बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। जब मकान मालिक और अन्य लोग कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। कमरे के भीतर कंबल के नीचे महिला और उसके बेटे के शव पड़े मिले, जबकि दीपक बहादुर मौके से फरार था।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कीं। तकनीकी सर्विलांस और जांच के आधार पर पुलिस को आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 मार्च की शाम दीपक बहादुर उर्फ दिल बहादुर निवासी जिला दैलेख (नेपाल) को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
फेसबुक के जरिए हुई थी पहचान
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दीपक बहादुर पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी व तीन बच्चे नेपाल में रहते हैं। वहीं मृतका कमला शाही भी विवाहित थी और उसके दो बच्चे हैं। वर्ष 2025 में दोनों की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद दोनों साथ रहने लगे। पहले वे उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र में रहते थे और करीब एक माह पहले रुद्रप्रयाग के सुमाड़ी में आकर रहने लगे थे।
अक्सर होते थे झगड़े
स्थानीय लोगों के अनुसार दीपक बहादुर और कमला शाही के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। होली की शाम भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर पहले कमला शाही और फिर उसके बेटे रोशन का गला दबाकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने दोनों शवों को कंबल से ढक दिया और मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।