Saturday, October 17, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डबिजली का पोल गिरने से स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल, स्थानीय...

बिजली का पोल गिरने से स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल, स्थानीय लोगों ने काटा हंगामा

हल्द्वानी। विद्युत विभाग की अनदेखी के चलते वही हुआ जिसका अंदेशा लगाया जा रहा था। बुधवार दोपहर बिठौरिया में विद्युत पोल गिर गया जिसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पोल जद में आए ई-रिक्शा के दो टुकड़े हो गए, गनीमत रही कि ई-रिक्शा में सवारी नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो जाता। इधर, रात दस बजे बारिश के दौरान रामपुर रोड पर बिजली के तार सड़क पर गिर गए जिससे लंबा जाम लग गया।
मुखानी थाना क्षेत्र के बिठौरिया स्थित देवकी विहार निवासी भूपेंद्र सिंह नेगी बुधवार की दोपहर अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान काठगोदाम क्षेत्र स्थित सरदार की कोठी इलाके में बिजली का पोल अचानक स्कूटी पर गिर गया। हादसे में भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। काठगोदाम थाने के एसओ प्रमोद पाठक ने बताया कि दो पोलों के बीच झूल रहे तार चंबलपुर की ओर से आ रहे डंपर में फंस गए। डंपर जैसे ही आगे बढ़ा वैसे ही पोल नीचे गिर गया। उसी दौरान स्कूटी सवार भूपेंद्र के अलावा एक ई-रिक्शा भी इसकी जद में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ई-रिक्शा चालक संजय कुमार ने बताया कि जैसे ही बिजली का पोल ई-रिक्शा पर गिरा वहां वे तत्काल भाग खड़े हुए। गनीमत रही कि उस दौरान ई-रिक्शा में कोई सवारी नहीं थी। वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा काट दिया जिसके चलते भारी जाम की परेशानी भी खड़ी हो गई। उनका कहना था कि जब घटना हुई वह समय स्कूल की छुट्टी का था। अगर कोई स्कूली वाहन चपेट में आ जाता तो कौन इसका जिम्मेदार होता।
सूचना पर पहुंची काठगोदाम पुलिस ने तत्काल घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और रास्ता खुलवाते हुए जाम से राहगीरों को निजात दिलाई। वहीं घायल के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस ने भूपेंद्र के परिजनों को सूचना दी। हालांकि अस्पताल में घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पोल नगर के किनारे लगे हुए हैं। गिरने वाले पोस से आगे का पोल में भी झुकाव आ चुका है। कई बार इसकी शिकायत भी की जा चुकी है लेकिन विद्युत निगम की लापरवाही के चलते यह हादसा हो गया।
बिजली के झूलते तारों से बेपरवाह विभाग
हल्द्वानी। सरदार की कोठी के पास बिजली का पोल गिरने की वजह से दो लोग घायल हुए। बिजली के झूलते तारों की वजह से यह हादसा हुआ है। शहर में और भी जगहों पर इसी तरह के हालात बने हुए हैं। इसके बावजूद बिजली विभाग आंखें मूंदे हुए है। विष्णुपुरी, बरेली रोड, लाइन नंबर 17 आदि ऐसे स्थानों पर भी बिजली तार नीचे झूल रहे हैं। रिहाइशी इलाकों में इस तरह के हालात कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।
विभाग बोला, वाहन खंभे से टकराया
हल्द्वानी। बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सरदार की कोठी के पास डंपर झूलते तारों में नहीं फंसा, बल्कि डंपर को पीछे करने की वजह से वह खंभे से टकराया है जिस वजह से खंभा गिरा है। उन्होंने बताया कि डंपर चालक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। इधर स्थानीय लोगों ने बताया कि जो खंभा नीचे गिरा है, वह कई दिनों से जर्जर हालत में था। खंभा नहर किनारे लगा था। नहर के कटाव की वजह से खंभा एक ओर झुक गया था। इधर दमुवाढूंगा में दिन में दो बजे हादसे के समय बिजली चली गई। बाद में नया खंभा लगाए जाने के बाद शाम को बिजली व्यवस्था सुचारू हो गई।
खंभों से तारों को पूरी तरह चुस्त करके नहीं बांधा जा सकता है। इससे खंभे टूट जाएंगे, इसलिए तारों को थोड़ा ढीला रखा जाता है। साथ ही जहां से भी इस तरह की शिकायत मिलती है, वहां पर तुरंत कार्यवाही की जाती है। – डीडी पांगती, अधिशासी अभियंता (ग्रामीण), हल्द्वानी।
तार झूलने और पेड़ गिरने से लगा जाम
हल्द्वानी। दिन भर उमस भरी गर्मी के बाद रात को शहर में बारिश हुई। इस बीच तेज हवा भी चली जिससे रामपुर रोड पर बंशी विहार के पास बिजली का पोल टेढ़ा हो गया। इससे बिजली के तार सड़क पर झूल गए। करंट के अंदेशे से लोगों ने वाहनों को रोक दिया। इस वजह से बंशी विहार से सुशीला तिवारी अस्पताल तक करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में बसों के साथ एंबुलेंस भी फंस गई। बसों में यात्री परेशान हो गए। रात को करीब 11 बजे स्थिति सामान्य होने के बाद जाम खुला और वाहनों का आवागमन सुचारू हो पाया। इधर, लामाचौड़ के कमलुवागांजा क्षेत्र में लामाचौड़ को जाने वाली सड़क पर एक पेड़ गिर गया। यहां भी लंबा जाम लग गया। दोनों और वाहनों को रोक दिया गया। मौके पर तुरंत दमकल विभाग का वाहन पहुंचा और पेड़ को काटकर हटाया गया। यहां घटना घटित होने के करीब एक घंटे बाद रात 11.30 बजे स्थिति सामान्य हुई। इसके अलावा शहर से सटे अन्य ग्रामीण इलाकों में भी बिजली गुल होने की सूचना है। पुलिस ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जहां से भी सूचना मिल रही है वहां मदद भेजी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments