Monday, November 9, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डआज से शुरू होंगी 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, कैमरों से रखी जाएगी नजर

आज से शुरू होंगी 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, कैमरों से रखी जाएगी नजर

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बृहस्पतिवार (16 मार्च) से प्रदेश भर में होंगी। 16 मार्च को इंटरमीडिएट का हिंदी, कृषि हिंदी का पेपर होगा, जबकि 17 मार्च को हाईस्कूल का हिंदी का पेपर होगा। छह अप्रैल को दोनों की परीक्षाएं संपन्न हो जाएंगी। बोर्ड सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए विद्यालयों में लगे सीसीटीवी की मदद लेगा। परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शिता के साथ होगी। नकल करते पकड़े जाने पर परीक्षार्थियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नकल रोकने के लिए गठित उड़नदस्ता नियमित रूप से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर जांच पड़ताल करेगा।
191 संवेदनशील, 18 अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र
हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के लिए पूरे प्रदेश में 1333 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 191 संवेदनशील और 18 अति संवेदनशील केंद्र हैं। एकल परीक्षा केंद्र 34, 1299 मिश्रित केंद्र बनाए गए हैं। पौड़ी में सबसे अधिक परीक्षा केंद्र 136, जबकि चंपावत में सबसे कम 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की ओर से पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी।
2,59,439 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में 2,59,439 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 1,32,115, इंटरमीडिएट में 1,27,324 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल में 1,30,027 संस्थागत, 2,088 व्यक्तिगत और इंटरमीडिएट में 1,23,511 संस्थागत और 3,813 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं। 15 अप्रैल से 29 अप्रैल तक उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा जबकि परीक्षाफल 25 मई तक घोषित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
कुमाऊं में 534 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 144 केंद्र संवेदनशील
उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं के लिए शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। अपर निदेशक कुमाऊं मंडल कार्यालय के मुताबिक मंडल में कुल 534 केंद्रों में परीक्षाएं होंगी जिनमें से एकमात्र जीआईसी कनालीछीना जिला अल्मोड़ा का केंद्र अति संवेदनशील है, जबकि 144 केंद्र संवेदनशील हैं। एडी माध्यमिक लीलाधर व्यास ने बताया कि मंडलीय कार्यालय में परीक्षाओं के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। सचल दल का भी गठन कर लिया गया है। बुधवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए गए।
सीएम ने दी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज से शुरू हो रही उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा के संबंध में सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी अपने को तनावमुक्त रखें। वहीं अभिभावकों से अनुरोध किया कि बच्चों पर अतिरिक्त दबाव न डालते हुए उन्हें सकारात्मक परिवेश देने का प्रयास करें। उन्होंने दसवीं और बारहवीं के परीक्षार्थियों को शुभाकामनाएं भी दीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments