भीमताल (नैनीताल)। भीमताल-रानीबाग मोटर मार्ग पर 7.17 करोड़ की लागत से टूलेन स्पान पुल लगभग तैयार हो गया है। इस पर 30 अगस्त से पहले यातायात सुचारू हो जाएगा। इससे पहले टेक्निकल टीम पुल की टेस्टिंग करेगी। पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से किया गया है। विभाग टेक्निकल टीम का इंतजार कर रहा है। टेस्टिंग रिपोर्ट के बाद शासन और प्रशासन की अनुमति मिलते ही यातायात सुचारू हो जाएगा। इस पुल से यातायात सुचारू होने के साथ कुमाऊं मंडल के भीमताल, हल्द्वानी, भवाली, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रानीखेत, धारचूला, मुनस्यारी, लोहाघाट, धानाचूली, ओखलकांडा, पहाड़पानी, मुक्तेश्वर, रामगढ़, चंपावत समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में जाने के लिए लोग सुचारू रूप से यात्रा कर सकेंगे।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार, मुख्यमंत्री और सांसद के सहयोग से रानीबाग में टूलेन स्पान पुल का निर्माण कार्य किया गया है। कैड़ा ने कहा कि जल्द ही पुल का उद्घाटन मुख्यमंत्री और स्थानीय सांसद करेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मदन मोहन सिंह पुंडीर ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही दिल्ली से टेक्निकल टीम आकर पुल की टेस्टिंग करेगी। उसकी रिपोर्ट के आधार पर शासन और प्रशासन की अनुमति मिलने पर यातायात सुचारू करा दिया जाएगा। 30 अगस्त से पहले पुल पर आवागमन शुरू हो जाएगा।