टिहरी जनपद में चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया है। कोटी कॉलोनी में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। 6 मार्च से 9 मार्च तक चलने वाले इस लेक फेस्टिवल के जरिए टिहरी क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि टिहरी झील महोत्सव का मुख्य उद्देश्य टिहरी जिले को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। इस तरह के आयोजनों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय संस्कृति, कला और परंपराओं को भी मंच मिलेगा।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में पर्यटकों और प्रतिभागियों के लिए कई साहसिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव के दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, मास्टर शेफ प्रतियोगिता, लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए फैशन शो और फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं में मिलेगा आकर्षक पुरस्कार
टिहरी झील महोत्सव के दौरान मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रशासन के अनुसार, इस महोत्सव से टिहरी झील क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।