नैनीताल। नैनीताल पर्वतारोहण क्लब (एनटीएमसी) की स्वर्ण जयंती के अवसर पर पर्वतारोहियों का दल (5299 मीटर) पिंडारी ग्लेशियर रेंज में स्थित बलजुरी शिखर पर तिरंगा फहराकर लौट आया है। दल के प्रमुख पर्वतारोही नगर निवासी अनित साह ने नगर के एनटीएमसी कार्यालय में बताया कि क्लब के सदस्यों की ओर से वर्ष 1972 में माउंट नंदाखाट शिखर (6611 मीटर) को फतह किया था। इसी अभियान की स्वर्ण जयंती पर पर्वतारोहियों के दल ने बलजुरी शिखर पर तिरंगा फहराया है।
साह ने बताया कि 27 सितंबर को कुमाऊं मंडल विकास निगम के सहयोग से यात्रा की शुरुआत हुई और बृहस्पतिवार को दल लौट आया। बताया कि दो अक्तूबर की रात को उन्होंने पिंडारी ग्लेशियर से आगे चढ़ाई शुरू की। उनका पहला कैंप फुरकिया में रहा।
पहले कैंप में मुरली प्रकाश, अनित साह और संजय मेहरा जबकि दूसरे में गंगोत्री बिष्ट, दीपक जोशी और मनमोहन मेहरा थे। बताया कि उच्च हिमालयी क्षेत्र का खराब मौसम चुनौतीपूर्ण रहा। वहां तेज हवा और करीब भारी बर्फबारी के बीच दल के तीनों सदस्यों को गुफा में रहना पड़ा लेकिन टीम के सदस्यों ने हौसला बरकरार रखा।
इस दौरान उनका संचार संपर्क तक कट गया था। तीन अक्तूबर को चोटी फतह करने के बाद चार अक्तूबर को सभी बेस कैंप लौट आए। तीन कैंप के स्थान पर दो कैंप लगाने के कारण यात्रा को तय समयावधि से जल्दी पूरा कर लिया गया। ट्रेकिंग दल में क्लब के अन्य सदस्य राजेश साह, योगेश साह, अजय साह, शैलेंद्र साह, उमेश जोशी भी शामिल रहे। इस मौके पर पर्वतारोही व अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफर पद्मश्री अनूप साह ने सदस्यों के हौसले की सराहना की। बाद में दल के सदस्यों ने डोकराणी ग्लेशियर में पर्वतारोहण अभियान में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई।