Saturday, October 31, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डनशेड़ी चालक की मस्ती: मालिक की बोलेरो लेकर निकला, नाकेबंदी के बावजूद...

नशेड़ी चालक की मस्ती: मालिक की बोलेरो लेकर निकला, नाकेबंदी के बावजूद पुलिस को देता रहा चकमा, फिर खुद सामने आया तो खुला मामला

शराब के नशे में मालिक की बोलेरो लेकर निकले चालक ने बुधवार रात पुलिस को खूब छकाया। कंट्रोल रूम के मैसेज पर पुलिस ने चुस्त रहने का दावा किया, लेकिन इस चुस्ती पर नशेड़ी चालक की मस्ती हावी रही। चौक-चौराहों पर नाकेबंदी थी, लेकिन तीन घंटे तक पुलिस उसे न तो गलियों में और न ही सड़कों पर पकड़ पाई। अंत में वह खुद ही मालिक के घर पहुंचा और बोलेरो खड़ी कर दी। बृहस्पतिवार को आरोपी चालक को पकड़कर उसका पुलिस एक्ट में चालान कर दिया गया। दरअसल, बुधवार रात करीब 10 बजे नेशविला रोड क्षेत्र के एक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि एक बोलेरो में कुछ युवक एक युवती को बैठाकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने चारों ओर नाकेबंदी का मैसेज भेजा। घंटाघर, प्रिंस चौक, सहारनपुर चौक आदि चौराहों पर बैरिकेडिंग कर दी गई, लेकिन चालक भी चालाक था। वह गलियों के रास्ते पहले कैंट क्षेत्र की सड़कों पर पहुंचा। आड़े-तिरछे गाड़ी चलाते हुए उसे सैकड़ों लोगों ने देखा, मगर पुलिस उसे नहीं पकड़ पाई। इसके बाद वह गलियों और सड़कों से होते हुए प्रिंस चौक से गुजरा। नाकेबंदी का दावा था, मगर यहां भी पुलिस इस गाड़ी को नहीं पकड़ पाई।
पुलिसकर्मियों को घायल करने की कोशिश की अफवाह फैली
इस बीच बात फैली कि उसने कुछ पुलिसकर्मियों को घायल करने की कोशिश की, मगर पुलिस ने इससे इनकार किया। चालक वहां से भी तेजी से निकल गया। अब तक करीब दो घंटे से अधिक का समय हो चुका था। इस बीच पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर मालिक तक पहुंच चुकी थी। मालिक एक फौजी है और आईएसबीटी के पास उसका घर है। जब तक उसने पुलिस से बात की, तब तक पता चला कि गाड़ी घर पहुंच गई है। हालांकि, चालक पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पुलिस की तलाश अब भी जारी थी। अंत में बृहस्पतिवार को पुलिस चालक तक पहुंच गई। पता चला कि वह शराब के नशे में था और डर के मारे कार लेकर भाग गया था। युवती के कार में बैठने की बात गलत निकली। इंस्पेक्टर कोतवाली विद्याभूषण नेगी ने बताया कि चालक का मेडिकल कराकर पुलिस एक्ट में चालान कर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments