Sunday, November 8, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डबिजली गुल होने से 30000 की आबादी परेशान, एक दर्जन नलकूप भी...

बिजली गुल होने से 30000 की आबादी परेशान, एक दर्जन नलकूप भी रहे ठप

हल्द्वानी। विद्युत लाइन अपग्रेड करने के कार्य के चलते कमलुवागांजा और कठघरिया सब स्टेशन के फीडरों पर सुबह 10 बजे से तीन बजे तक शटडाउन लिया गया। बिजली गुल रहने से इलाके में नलकूप भी ठप रहे। इसके चलते 30,000 से अधिक आबादी को बिजली और पानी के संकट का सामना करना पड़ा। विद्युत आपूर्ति सुचारू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बृहस्पतिवार को कुसुमखेड़ा, कठघरिया, मुखानी, ऊंचापुल, ब्लॉक और बिठोरिया फीडर में पांच घंटे तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। जिन घरों में इंवर्टर की व्यवस्था नहीं है वहां लोग गर्मी से परेशान रहे। व्यवसाय भी खासा प्रभावित हुआ। इसके चलते एक दर्जन नलकूप भी ठप रहे। दिन में बिजली और पानी नहीं आने से लोगों की दिनचर्चा प्रभावित रही। बिजली आने के बाद ही नलकूप चल सके, इसके बाद कुछ इलाकों में ही पानी पहुंचा। वहीं शहर के अन्य हिस्सों में भी बिजली का आना जाना लगातार बना रहा। लोगों ने बिजली कटौती को लेकर रोष जताया है। कुसुमखेड़ा निवासी विनोद पांडे का कहना है कि विद्युत विभाग कभी लाइन ठीक करने के नाम पर तो कभी अघोषित विद्युत कटौती कर रहा है। पांच घंटे तक क्षेत्र में बिजली और पानी का संकट बना रहा। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। विद्युत वितरण खंड ग्रामीण के अधिशासी अभियंता डीडी पांगती ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति निर्बाध बनी रहे इसके लिए उच्च क्षमता की विद्युत लाइन बिछाई गई है। इस कारण पांच घंटे तक विभिन्न फीडरों में शटडाउन लिया गया है। लोगों से सहयोग की अपील है।
दमुवाढूंगा की महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय में किया प्रदर्शन
हल्द्वानी। दमुवाढूंगा के जवाहर ज्योति और जमरानी कॉलोनी में पिछले पांच साल से पानी नहीं आ रहा है। इसके विरोध में महिलाओं ने बृहस्पतिवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी की। पार्षद नीमा भट्ट के नेतृत्व में जल संस्थान कार्यालय पहुंची महिलाओं का कहना है कि जवाहर ज्योति और जमरानी मार्ग में पुरानी लाइन बिछी हुई है। यहां पांच साल से पानी का संकट है। कई बार शासन-प्रशासन के आगे गुहार और आंदोलन करने के बावजूद समस्या हल नहीं हुई। पार्षद नीमा ने आरोप लगाया है कि जल संस्थान की ओर से क्षेत्र में केवल एक या दो टैंकर बांटे जाते हैं और अधिकतर टैंकर ब्लैक कर दिये जाते हैं। टैंकरों से एक दो बाल्टी से अधिक पानी नहीं मिल पाता। गरीब परिवारों को पानी लेने के लिए दूर जाना पड़ता है जबकि कई लोग 600 रुपये चुकाकर पानी के टैंकर खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही पेयजल की समस्या दूर नहीं हुई तो महिलाओं को उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पडेगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में नीरू पंत, पुष्पा, मुन्नी देवी, संगीता, राधा, रुकमणि देवी, गोविंदी आदि शामिल रहीं। वहीं जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने पांच दिन के भीतर पानी की समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
दमुवाढूंगा में टैंकर का इंतजार करते रहे लोग, नहीं रुका टैंकर
हल्द्वानी। दमुवाढूंगा के शाह फार्म में ट्यूबवेल खराब होने से चार दिन से पानी की किल्लत बनी हुई है। यहां लोग सुबह से ही पानी के टैंकर के इंतजार में खाली बर्तन लेकर सड़क पर खड़े रहे। इस दौरान कई सरकारी और निजी टैंकर पास से गुजरे तो लोगों को उम्मीद बंधी कि टैंकर पानी बांटने के लिए रुकेगा मगर उन्हें मायूसी हाथ लगी। स्थानीय निवासी दीवान राम का कहना है कि चार दिन से घर में पानी नहीं आया है। सरकारी टैंकर से पानी भरने के लिए सुबह से इंतजार कर रहे हैं। पानी नहीं आने के कारण नहाने, कपड़े धोने समेत जरूरी काम अटके हुए हैं। विभागीय टैंकर अपने पहचान के लोगों के यहां ही पानी बांट रहे हैं। पानी ब्लैक में बेचा जा रहा है। अभी तक एक भी टैंकर पानी देने के लिए नहीं रुका है। इस दौरान फूल चंद, हीरा देवी, पार्वती देवी आदि लोग खाली बर्तन लेकर टैंकर का इंतजार करते रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments