बीएसएफ जवान के घर में घुसे बदमाशों ने तमंचे और चाकू की नोक पर 25 हजार रुपये की नकदी समेत चार लाख से अधिक मूल्य के जेवर लूट लिए। घटना के बाद से जवान का परिवार दहशत में है। पुलिस और एसओजी की टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वीरपुर, रामपुर निवासी विजयपाल सिंह ने दड़ियाल रोड पर बाधवा रिजॉर्ट के सामने मकान बनाया है। वह सीमा सुरक्षा बल में तैनात हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल मे है। परिवार में पत्नी बबीता के अलावा दो छोटे पुत्र हैं। बबीता का कहना है कि चार अगस्त की रात वह अपने दोनों पुत्रों के साथ घर में थीं। मध्यरात्रि चार बदमाश उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने उसके और दोनों बेटों की कनपटी पर तमंचा और चाकू सटाकर घर की तलाशी ली। बदमाश कमरे में रखी अलमारी खुलवाकर उसमें रखी 25 हजार रुपये की नकदी, सोने की तीन अंगूठियां, सोने के तीन जोड़ी झुमके, सोने की चेन, सोने के दो मंगलसूत्र, नाक का एक फूल ले गए। जेवरों की कीमत तीन-चार लाख रुपये से अधिक है।
बबीता ने बताया कि लुटेरों ने उसके घर से करीब डेढ़ तोले चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए। करीब आधे घंटे तक घर में रहने के बाद बदमाश घर से निकल गए। इस वारदात के बाद से परिवार दहशत में है। बबीता ने अगली सुबह अपने पति को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसपी चंद्रमोहन सिंह, सीओ वीर सिंह, कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा, टांडा चौकी प्रभारी मनोज जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। सीओ वीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस के अलावा एसओजी टीम को भी लगाया गया है।