Wednesday, November 11, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डबाघ ने ग्रामीण को बनाया निवाला

बाघ ने ग्रामीण को बनाया निवाला

रामनगर (नैनीताल)। नेशनल हाईवे पर मोहान के पास बाघ ने एक ग्रामीण को निवाला बना लिया। तलाशी के बाद उसका शव जंगल से बरामद किया गया। धनगढ़ी नाले से मोहान की ओर 200 मीटर की दूरी पर सोमवार शाम साढ़े सात बजे बाघ ने सड़क किनारे एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। उसके बाद बाघ उसे जंगल में घसीट ले गया। इसकी जानकारी राहगीरों ने वन कर्मियों को दी। सूचना पर वनकर्मियों की टीम उसकी तलाश में जुट गई। अंधेरा अधिक होने पर रात में अभियान रोक दिया गया। मंगलवार सुबह कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पार्क की सर्पदुली रेंज और रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज के वनकर्मियों ने जंगल में अभियान चलाया। कोसी रेंज के दुगड्डा ब्लॉक में उसका शव बरामद हुआ। बाघ उसका दायां पैर और एक हाथ खा चुका था। वन कर्मियों ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया।
तीन-चार दिन से मोहान में दिख रहा था ग्रामीण
कोसी रेंजर शेखर तिवारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के लिए मोहान क्षेत्र में उसका फोटो दिखाया गया। मोहान के ग्रामीणों के अनुसार वह तीन-चार दिन से वहीं दिखाई दे रहा था। ग्रामीण उसे खाना आदि दे रहे थे। उसे मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। रेंजर ने बताया कि मृतक की शिनाख्त बहादुर सिंह बिष्ट निवासी चौखुटिया (अल्मोड़ा) के रूप में हुई है। उसका बेटा चंदन सिंह बिष्ट गाजियाबाद में नौकरी करता है। बुधवार को वह रामनगर पहुंचेगा, तब पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पांच माह बाद फिर हुआ बाघ का हमला
16 जुलाई को मोहान क्षेत्र में बाघ ने बाइक सवार पर हमला कर उसे निवाला बना लिया था। पांच माह बाद एक बार फिर घटना होने पर लोगों में दहशत का माहौल है। अब यह वन कर्मियों के लिए चुनौती हो गई है। मौके पर कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं और वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है।
कानबाई के रूप में जा रहे बाइक सवार
बाघ के हमले के बाद अब वन विभाग ने बाइक सवारों को रात के समय अकेले जाने से रोक दिया है। बाइक सवारों को कानबाई के रूप में वन कर्मियों के सुरक्षा दल के साथ मोहान से गर्जिया और गर्जिया से मोहान की ओर भेजा रहा है। सर्पदुली रेंजर बिंदरपाल ने बताया कि क्षेत्र में कॉर्बेट पार्क और रामनगर वन प्रभाग के वन कर्मियों की टीम जुटी है। कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments