Saturday, October 17, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डपिंजरा तोड़कर भागा तेंदुआ, कॉलोनी में दहशत

पिंजरा तोड़कर भागा तेंदुआ, कॉलोनी में दहशत

काशीपुर। मानपुर रोड स्थित कौशांबी कॉलोनी में लगे वन विभाग के पिंजरे में एक तेंदुआ फंस गया। कॉलोनी के लोगों ने इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी लेकिन ढाई घंटे बाद जब तक वन विभाग की टीम आती तेंदुआ पिंजरा तोड़कर भाग गया। इससे कॉलोनी में दहशत है। हालांकि वन विभाग पिंजरे में तेंदुए के फंसने की पुष्टि होने से इन्कार कर रहा है।
मानपुर रोड स्थित कौशांबी एवेन्यू के आसपास घनी झाड़ियां हैं। लोगों का दावा है कि करीब दो सप्ताह से इसके पास एक तेंदुआ अपने बच्चों के साथ घूमते देखा गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी इसका वीडियो मिला था। कॉलोनी के लोगों की सूचना पर वनकर्मियों की टीम वहां रात में भी गश्त कर रही है। इसके बावजूद वनाधिकारियों ने वहां दो पिंजरे लगाए लेकिन कई दिनों तक दोनों पिंजरे खाली रहे। रेंजर ललित आर्य के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मंगलवार को ट्रैक्टरों पर सवार होकर ड्रोन कैमरे की मदद से कॉलोनी के आसपास कांबिंग की लेकिन तेंदुआ नहीं दिखा।
कॉलोनी में रहने वाले संजीव शर्मा, राम सिंह, श्याम सिंह आदि का कहना है कि बुधवार तड़के 4:40 बजे तेंदुआ एक पिंजरे में फंस गया। मौके पर मौजूद वनकर्मियों ने विभागीय अधिकारियों को फोन कर गाड़ी भेजने के लिए कहा लेकिन ढाई घंटे बाद सुबह करीब सवा सात बजे वन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची तो पिंजरा खाली मिला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह सवा छह बजे पिंजरे के दो सरिये हटाकर तेंदुआ उसमें से निकल भागा। कॉलोनी के कई लोगों ने उसे दीवार फांदकर जंगल की ओर जाते देखा है।
वन विभाग का पक्ष
रेंजर ललित का कहना है कि पिंजरे में तेंदुए के फंसने की पुष्टि नहीं हो सकी है। तेंदुआ फंसने संबंधी वायरल वीडियो के बारे में भी रेंजर ने कुछ कहने से इन्कार कर दिया। उन्होंने बताया कि विभाग ने वहां चार पिंजरे और चार कैमरे लगा दिए हैं। विभाग की टीम ड्रोन कैमरे की मदद से कॉलोनी से सटे जंगल के क्षेत्र में कांबिंग कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments