Monday, February 2, 2026
Homeउत्तराखंडUnion Budget 2026: सीएम धामी ने केंद्रीय बजट की सराहना की, कहा—देश...

Union Budget 2026: सीएम धामी ने केंद्रीय बजट की सराहना की, कहा—देश और राज्यों के विकास को मिलेगी नई दिशा

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे विकासोन्मुखी और समावेशी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश और राज्यों के विकास को नई दिशा देने वाला है तथा सभी वर्गों के लिए अवसरों का विस्तार करेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस जनकल्याणकारी बजट के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों, छोटे उद्यमियों और पिछड़े तबकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है। आर्थिक विकास को तेज करने, आम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को साकार करने पर विशेष जोर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, उद्योग और बुनियादी ढांचे के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। ये प्रावधान पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी लाभकारी साबित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना प्रस्तावित की गई है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उत्तराखंड के संदर्भ में बजट ने पर्यटन और आधारभूत संरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई सेक्टर के लिए किए गए प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह बजट “आत्मनिर्भर भारत” के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट देश की आर्थिक मजबूती बढ़ाने के साथ-साथ उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान विकास के अवसर प्रदान करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments