Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
HomeअपराधUP Crime News: जन्मदिन की पार्टी में डांस पर बवाल, जीजा ने...

UP Crime News: जन्मदिन की पार्टी में डांस पर बवाल, जीजा ने साले की चाकू मारकर हत्या; मेरठ में सनसनी

मेरठ (उत्तर प्रदेश):
मेरठ में जन्मदिन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक पारिवारिक समारोह के दौरान डांस को लेकर हुए विवाद में जीजा ने अपने साले की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह वारदात लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की गुलमर्ग कॉलोनी में रविवार देर रात हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

पुलिस के मुताबिक, गुर्जर चौक कॉलोनी निवासी चांद की बेटी गुलफ्शा (30) का रविवार को जन्मदिन था। इसी मौके पर उसके घर पर पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें परिवार और रिश्तेदार शामिल हुए थे। जन्मदिन समारोह के दौरान सभी लोग डांस कर रहे थे। इसी बीच गुलफ्शा के मामा यूनुस (36) भी बच्चों के साथ वहां मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि पार्टी में लड़कियों के डांस करने से गुलफ्शा के बहनोई सलीम नाराज हो गया। उसे यह बात नागवार गुजरी और वह बीच में ही अपनी पत्नी नरगिस और दोनों बेटियों को लेकर पार्टी छोड़कर गुलमर्ग कॉलोनी स्थित अपने घर चला गया।

पत्नी से मारपीट के बाद बढ़ा विवाद
रात करीब साढ़े दस बजे जब नरगिस घर पहुंची, तो सलीम ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना से परेशान नरगिस ने अपने भाई यूनुस को फोन कर पूरी बात बताई। सूचना मिलते ही यूनुस अपने भांजे नौशाद (22) पुत्र चांद को साथ लेकर सलीम के घर पहुंचा।

यहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, गुस्से में आकर सलीम ने चाकू उठाया और यूनुस के सीने में कई वार कर दिए। जब नौशाद ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसकी पीठ में भी चाकू मारकर उसे घायल कर दिया।

इलाज के दौरान यूनुस की मौत
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल यूनुस और नौशाद को तत्काल प्यारेलाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान यूनुस ने दम तोड़ दिया, जबकि नौशाद की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
जिला अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सलीम को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया। नौशाद की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सलीम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जन्मदिन की खुशियां बनीं मातम
गुलफ्शा के जन्मदिन पर जहां घर में जश्न का माहौल था, वहीं मामा की मौत और भाई के घायल होने की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और माहौल गमगीन हो गया।

दोनों मजदूरी कर करते थे गुजारा
पुलिस ने बताया कि आरोपी सलीम मजदूरी करता है और मूल रूप से हापुड़ जिले के हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के गांव मुरादपुर का निवासी है। वह पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ मेरठ की लिसाड़ी गांव स्थित गुलमर्ग कॉलोनी में रह रहा था। मृतक यूनुस भी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और पास ही गुर्जर चौक कॉलोनी में रहता था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments