देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में शुक्रवार को उस समय अहम घटनाक्रम देखने को मिला, जब बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी पूर्व सैनिक पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां प्रदेश पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और राष्ट्रहित में लिए जा रहे निर्णयों से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सैनिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों ने उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी की रीति-नीति और संगठनात्मक विचारधारा की जानकारी दी। इसके बाद सभी पूर्व सैनिकों को पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक सदस्यता दिलाई गई। नवागंतुक सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं अंतिम’ के सिद्धांत को आत्मसात करती है।
प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि सैनिकों का अनुशासित जीवन, समर्पण और कर्मठता संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पूर्व सैनिकों के अनुभव और राष्ट्रसेवा की भावना से पार्टी और अधिक सशक्त होगी तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मजबूती मिलेगी।
भाजपा में शामिल होने वालों में ऑनरेरी कैप्टन अजय रावत, कैप्टन बचन सिंह रावत, कैप्टन चंदन सिंह, कैप्टन मदन सिंह गोसाई, सूबेदार दिलीप सिंह राणा, हवलदार श्याम पंवार, मदन सिंह गुसाईं, महिपाल सिंह, रंजन चतुर्वेदी, जगत सिंह पुंडीर, विक्रम सिंह, विनोद अवस्थी और भगत सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में अन्य पूर्व सैनिक शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी का अभिनंदन किया गया और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।