Tuesday, November 3, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड बजट सत्र 2026: गैरसैंण पहुंची सरकार, 9 मार्च से शुरू होगा...

उत्तराखंड बजट सत्र 2026: गैरसैंण पहुंची सरकार, 9 मार्च से शुरू होगा सत्र; 600 से ज्यादा सवालों से गरमाएगा सदन

गैरसैंण/देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 9 मार्च से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में शुरू होने जा रहा है। बजट सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं, क्योंकि इस बार विधायकों की ओर से 600 से अधिक सवाल लगाए गए हैं।

बजट सत्र में शामिल होने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और अधिकारी रविवार को गैरसैंण पहुंच गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण सहित मंत्रिमंडल के सदस्य दोपहर बाद भराड़ीसैंण पहुंचे। विधानसभा परिसर में सत्र को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत

बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इसके साथ ही सदन की कार्यवाही औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। सत्र के दौरान सरकार की योजनाओं, नीतियों और विभिन्न विभागों के कार्यों पर चर्चा की जाएगी।

600 से अधिक सवालों पर होगी चर्चा

इस बार विधानसभा सत्र में पक्ष और विपक्ष के विधायकों की ओर से 600 से अधिक प्रश्न लगाए गए हैं। इन सवालों के जरिए विपक्ष सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार भी अपने कार्यों और योजनाओं का पक्ष रखेगी।

सत्र के दौरान सरकार की ओर से कई विधेयक और अध्यादेश भी सदन में पेश किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन पटल पर रखी जाएगी।

कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तय होगा एजेंडा

सत्र शुरू होने से पहले भराड़ीसैंण में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विधानसभा सत्र के संचालन और कार्यसूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

10 मार्च को पेश हो सकता है बजट

जानकारी के अनुसार, प्रदेश सरकार 10 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में पेश कर सकती है। इस बजट में प्रदेश के विकास, पर्यटन, बुनियादी ढांचे, शिक्षा और रोजगार से जुड़े कई अहम प्रावधान शामिल होने की उम्मीद है।

विधानसभा सत्र को देखते हुए परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, ताकि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments