सरकारी नौकरियों की दौड़ में पुरुष आगे, महिलाएं अब भी पीछे
देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने की होड़ में पुरुष उम्मीदवारों की संख्या महिलाओं की तुलना में काफी अधिक है। राज्य की आधी आबादी होने के बावजूद महिलाएं सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने में अभी भी पीछे हैं। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार आयोग की भर्तियों में शामिल कुल अभ्यर्थियों में सिर्फ 40 प्रतिशत महिलाएं हैं, जबकि 60 प्रतिशत पुरुष अभ्यर्थी हैं।
यह जानकारी अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक की अवधि की लोक सेवा आयोग की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट में सामने आई है, जिसे विधानसभा पटल पर प्रस्तुत किया गया।
कई विभागों में हुई भर्ती प्रक्रिया
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, राज्य निर्वाचन विभाग, उत्तराखंड सचिवालय, राजकीय पॉलीटेक्निक, वन, राजस्व समेत कई विभागों में खाली पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई।
इन पदों के लिए प्राप्त कुल आवेदनों में महिलाओं की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत रही, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों के आवेदन 60 प्रतिशत रहे।
वर्गवार आंकड़ों के अनुसार कुल आवेदनों में 60 प्रतिशत सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जबकि 18 प्रतिशत आवेदन अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से आए। वहीं चयन प्रक्रिया में ईडब्ल्यूएस श्रेणी में महिला अभ्यर्थियों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक देखी गई।
22 वर्षों में 14 हजार से अधिक पदों पर चयन
लोक सेवा आयोग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 22 वर्षों में विभिन्न विभागों के 15,166 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। इन पदों के लिए 31.94 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया।
भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14,335 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया।
पदोन्नति के मामलों का भी निपटारा
वर्ष 2024-25 के दौरान 31 विभागों में पदोन्नति से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया। आयोग ने 452 पदों के सापेक्ष 341 पदों पर पदोन्नति की सिफारिश की है, जबकि 12 विभागों में 116 पदों पर डीपीसी के मामले अभी भी लंबित हैं।
वर्ष 2024-25 में 2808 अभ्यर्थियों का चयन
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024-25 में विभिन्न विभागों में कुल 2808 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। जिलावार चयनित अभ्यर्थियों की संख्या इस प्रकार है—
-
अल्मोड़ा – 163
-
बागेश्वर – 68
-
चमोली – 145
-
चंपावत – 107
-
देहरादून – 362
-
हरिद्वार – 422
-
नैनीताल – 271
-
पौड़ी – 128
-
पिथौरागढ़ – 138
-
रुद्रप्रयाग – 102
-
टिहरी – 243
-
ऊधमसिंह नगर – 196
-
उत्तरकाशी – 341
-
अन्य राज्यों से – 122
रिपोर्ट से यह स्पष्ट होता है कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अभी और प्रयासों की आवश्यकता है, ताकि राज्य की आधी आबादी भी समान अवसरों का लाभ उठा सके।