Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधउत्तराखंड: किच्छा में कांग्रेस विधायक के बेटे पर नकाबपोशों का जानलेवा हमला,...

उत्तराखंड: किच्छा में कांग्रेस विधायक के बेटे पर नकाबपोशों का जानलेवा हमला, CM धामी ने दिए जांच के आदेश

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में रविवार को कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ राज बेहड़ पर नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल सौरभ को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

पुलिस के अनुसार, सौरभ राज बेहड़ रविवार शाम को आवास विकास क्षेत्र से पुलिस चौकी जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और लाठियों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सौरभ को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि सौरभ के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ से फोन पर बातचीत कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हमलावरों की पहचान कर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए।

तिलक राज बेहड़ किच्छा विधानसभा सीट से विधायक और राज्य सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं। सौरभ उनके छोटे बेटे हैं। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और समर्थकों की भीड़ जुट गई।

इस बीच, विधायक तिलक राज बेहड़ ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने समझौते के नाम पर उनके बेटे को चौकी बुलाया और उसी दौरान उस पर सुनियोजित हमला कराया गया। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments