Friday, February 13, 2026
Homeउत्तराखंडUttarakhand Police Transfer: बढ़ते अपराधों के बीच पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल,...

Uttarakhand Police Transfer: बढ़ते अपराधों के बीच पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, देहरादून-हरिद्वार समेत 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

देहरादून।
उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को और अधिक सख्त व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। प्रदेश में बढ़ते अपराधों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शुक्रवार शाम 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए। इन तबादलों में आठ जिलों के पुलिस कप्तान भी शामिल हैं, जिससे साफ है कि सरकार कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।

देहरादून में 48 घंटे के भीतर हुई दो सनसनीखेज हत्याओं के बाद एसएसपी अजय सिंह को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अजय सिंह को अब एसएसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, एसटीएफ में तैनात एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।

ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना बनाया गया है। उनकी जगह चंपावत में तैनात एसपी अजय गणपति कुम्भार को ऊधमसिंह नगर भेजा गया है। चंपावत की कमान अब पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव को सौंपी गई है। रुद्रप्रयाग के एसपी अक्षय प्रहलाद कोण्डे को पिथौरागढ़ का नया एसपी बनाया गया है, जबकि ऊधमसिंह नगर में एसपी अपराध एवं यातायात के पद पर तैनात निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग भेजा गया है।

इसके अलावा, एसपी अपराध एवं यातायात हरिद्वार जितेंद्र कुमार मेहरा को एसपी बागेश्वर नियुक्त किया गया है। बागेश्वर के एसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के को एसएसपी अल्मोड़ा की जिम्मेदारी दी गई है। अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक के पद पर तैनात किया गया है।

गृह सचिव शैलेश बगोली की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एसडीआरएफ निवेदिता कुकरेती को एसडीआरएफ का आईजी बनाया गया है। एसएसपी विजिलेंस प्रह्लाद नारायण मीणा को डीआईजी विजिलेंस नियुक्त किया गया है। 31वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक यशवंत सिंह को पीटीसी नरेंद्रनगर में प्रधानाचार्य बनाया गया है।
वहीं, एसपी अभिसूचना प्रदीप कुमार राय को एसपी सीबीसीआईडी, एसपी हरिद्वार जितेंद्र चौधरी को एसपी अपराध एवं यातायात ऊधमसिंह नगर, एसपी हरिद्वार निशा यादव को एसपी अपराध एवं यातायात हरिद्वार, एएसपी सीआईडी मनोज ठाकुर को एएसपी कोटद्वार और एएसपी चंद्रमोहन सिंह को एसपी क्षेत्रीय अभिसूचना के पद पर तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध पर नियंत्रण के लिए केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करने के बजाय पूर्व-निवारक रणनीति को मजबूत किया जाए। उन्होंने मुखबिर तंत्र को सशक्त करने, अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिक बिना किसी डर के पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और उन्हें समयबद्ध न्याय मिले—यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हो तथा अपराधियों के लिए किसी भी तरह की गुंजाइश न बचे।


RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments