Monday, March 30, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह, मुख्यमंत्री धामी ने साहित्यकारों और...

देहरादून में उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह, मुख्यमंत्री धामी ने साहित्यकारों और युवा रचनाकारों को किया सम्मानित

देहरादून। मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में सोमवार को उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से “उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साहित्य और भाषा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई वरिष्ठ साहित्यकारों और युवा रचनाकारों को सम्मानित किया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान “उत्तराखंड साहित्य भूषण सम्मान” से प्रख्यात साहित्यकार डॉ. जितेन ठाकुर को सम्मानित किया। इसके अलावा उन्होंने डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, केसर सिंह राय और अताए साबिर अफजल मंगलौरी को “उत्तराखंड दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार” से सम्मानित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न साहित्यिक विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले साहित्यकारों के साथ-साथ “युवा कलमकार प्रतियोगिता” के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने साहित्य के विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले रचनाकारों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

इन साहित्यकारों को भी मिला सम्मान
समारोह में साहित्य नारी वंदन सम्मान के तहत प्रो. दिवा भट्ट को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट बाल साहित्य के लिए प्रो. दिनेश चमोला को सम्मान मिला।
उत्तराखंड मौलिक रचना पुरस्कार के अंतर्गत डॉ. भूपेंद्र बिष्ट, डॉ. सुधा जुगरान और शीशपाल गुसाई को सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही उत्कृष्ट कुमाऊंनी और गढ़वाली साहित्य के लिए तारा पाठक, हेमंत सिंह बिष्ट और गजेंद्र नौटियाल को भी सम्मान प्रदान किया गया।

हिंदी साहित्य जगत के लिए प्रेरणा स्रोत हैं साहित्यकार
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनके लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि उन्हें प्रदेश के महान साहित्यकारों को सम्मानित करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड साहित्य भूषण सम्मान” से सम्मानित डॉ. जितेन ठाकुर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे हिंदी साहित्य जगत के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित साहित्यकारों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी रचनात्मकता राज्य की सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को समृद्ध कर रही है। साथ ही वे अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments