Friday, April 24, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में स्व-गणना का अंतिम दिन आज, 25 अप्रैल से घर-घर शुरू...

उत्तराखंड में स्व-गणना का अंतिम दिन आज, 25 अप्रैल से घर-घर शुरू होगा जनगणना सर्वे

देहरादून। उत्तराखंड में जनगणना के तहत चल रही डिजिटल भवन स्व-गणना प्रक्रिया का आज अंतिम दिन है। इसके बाद 25 अप्रैल से प्रदेशभर में प्रगणकों की टीमें घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य शुरू करेंगी। जनगणना निदेशालय ने इस चरण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रदेश में 10 अप्रैल से शुरू हुई डिजिटल स्व-गणना के तहत नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर दिया गया था। अब तक लगभग 56 हजार लोग इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं और सभी को सेल्फ एन्यूमरेशन (SE) आईडी जारी की जा चुकी है।

जिला-वार आंकड़ों के अनुसार, देहरादून में सबसे अधिक 9,627 लोगों ने स्व-गणना पूरी की है। इसके अलावा नैनीताल में 8,255, हरिद्वार में 6,410, ऊधमसिंह नगर में 5,471, अल्मोड़ा में 4,294, बागेश्वर में 3,839, चंपावत में 3,200, पिथौरागढ़ में 2,963, पौड़ी में 2,895, टिहरी में 2,570, चमोली में 2,510, उत्तरकाशी में 2,653 और रुद्रप्रयाग में 1,330 लोगों ने डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कराई है।

पहले चरण के तहत 25 अप्रैल से 24 मई तक घर-घर सर्वे किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश में कुल 30,839 कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें 4,491 सुपरवाइजर और 26,348 प्रगणक शामिल हैं।

जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जिन लोगों ने डिजिटल स्व-गणना कर ली है, उनके घर भी प्रगणक पहुंचेंगे। वे संबंधित व्यक्ति से एसई आईडी लेकर सिस्टम में उसका सत्यापन करेंगे और मौके पर ही जानकारी को अंतिम रूप देंगे।

वहीं, जिन लोगों ने अभी तक स्व-गणना नहीं की है, उन्हें प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले 33 सवालों के जवाब देने होंगे। इन जवाबों के आधार पर उनकी भवन गणना प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जनगणना विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि सटीक और समयबद्ध तरीके से जनगणना कार्य पूरा किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments