Tuesday, February 17, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, टिहरी और...

उत्तराखंड में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, टिहरी और रुद्रप्रयाग कोर्ट परिसर की सघन जांच

उत्तराखंड में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। उत्तरकाशी और नैनीताल के बाद अब टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालयों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम होने की सूचना मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराकर गहन तलाशी अभियान चलाया गया।

नई टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय में बम होने की खबर के बाद न्यायालय परिसर में मौजूद न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और कर्मचारी बाहर निकल आए। एहतियातन आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की मदद से कोर्ट परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की गई। प्राथमिक जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे न्यायालय प्रशासन और वकीलों ने राहत की सांस ली। हालांकि पुलिस द्वारा निगरानी अभी भी जारी है।

इसी बीच उत्तरकाशी में जिला न्यायालय के बाद कलक्ट्रेट परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। सूचना पर पुलिस ने तत्काल परिसर को खाली करवाया और बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वाड द्वारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

नई टिहरी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर बम रखने की धमकी मिली थी। इसके बाद पूरे कोर्ट परिसर की जांच की गई, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिर भी एहतियात के तौर पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और लगातार नजर बनाए हुए हैं।


उत्तरकाशी जिला न्यायालय में पहले भी मिल चुकी है धमकी

गौरतलब है कि सोमवार को उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर कोर्ट परिसर में बम और आरडीएक्स होने की धमकी दी गई थी। इस सूचना से न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां भी मौके पर पहुंचीं। देर शाम तक चली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, धमकी भरे मेल में कोर्ट परिसर में करीब 12 किलो आरडीएक्स लगाए जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कोर्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। साथ ही अग्निशमन दस्ता भी मौके पर मौजूद रहा।

एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। धमकी भरा मेल कहां से भेजा गया, इसकी सघन जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments