देहरादून: उत्तराखंड में आज लोगों के मोबाइल फोन पर एक विशेष परीक्षण अलर्ट (Test Alert) भेजा जाएगा। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अलर्ट पूरी तरह से परीक्षण प्रक्रिया का हिस्सा है, इसलिए आम जनता को घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।
जानकारी के अनुसार, यह परीक्षण सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता को परखना और उसे और अधिक मजबूत बनाना है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में चेतावनी संदेश समय पर लोगों तक पहुंच सकें।
आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यह परीक्षण यूएसडीएम (USDM) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सहयोग से किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में अलर्ट संदेश भेजे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया से यह आकलन किया जाएगा कि अलर्ट संदेशों का प्रसारण कितनी तेजी और प्रभावशीलता के साथ हो रहा है। साथ ही, किन क्षेत्रों में तकनीकी सुधार की जरूरत है, इसकी भी पहचान की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न परिस्थितियों में संदेशों की सटीकता और समयबद्धता का भी परीक्षण किया जाएगा।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के परीक्षण अलर्ट को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और इसे केवल एक अभ्यास के रूप में लें।