Saturday, October 10, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड मौसम: पहाड़ से मैदान तक खिली धूप, आज से बदलेगा मौसम;...

उत्तराखंड मौसम: पहाड़ से मैदान तक खिली धूप, आज से बदलेगा मौसम; कोहरे के साथ बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

उत्तराखंड में रविवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम पूरी तरह साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली रही। हालांकि, सोमवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के आसार बन गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी जिलों में कोहरा छा सकता है, जबकि पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव से प्रदेश में एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और देर रात के समय घना कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।

वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। खासतौर पर प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक बताई जा रही है। इससे पर्वतीय मार्गों पर फिसलन बढ़ सकती है और दुर्गम इलाकों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का रुख कुछ इसी तरह बना रह सकता है। इसके बाद 12 फरवरी से मौसम शुष्क होने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास होने लगेगा।

रविवार को राजधानी देहरादून में चटख धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यही स्थिति प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिली, जहां दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहें, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments