Tuesday, April 28, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: कई जिलों में बारिश, आंधी और...

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट, गर्मी से राहत के संकेत

देहरादून: उत्तराखंड में तेज गर्मी के बीच अब मौसम राहत देने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। स्थिति को देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

इसके अलावा अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने के संकेत दिए गए हैं।

तापमान में आएगी गिरावट
पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। राजधानी देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सोमवार को घटकर 37.9 डिग्री सेल्सियस हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। 28 अप्रैल को देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

3 मई तक जारी रहेगा बदलाव
मौसम विभाग का कहना है कि 3 मई तक प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है। इस दौरान बीच-बीच में बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments