Friday, February 13, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तरकाशी: औषधीय गुणों से भरपूर आमील को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिलेगी पहचान,...

उत्तरकाशी: औषधीय गुणों से भरपूर आमील को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिलेगी पहचान, तीन फर्मों से शासन का समझौता

उत्तरकाशी जिले की हर्षिल घाटी में उत्पादित औषधीय गुणों से भरपूर आमील (सीबेकथॉर्न) को अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। शासन ने आमील के उत्पादन, प्रोसेसिंग, विपणन और ब्रांडिंग को बढ़ावा देने के लिए तीन निजी फर्मों के साथ लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल से वाइब्रेंट विलेज योजना में शामिल सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होने की उम्मीद है।

मंगलवार को शासन स्तर पर हुए इस समझौते के तहत हिमशक्ति, ग्रो इंडिया और माई पहाड़ी दुकान नामक तीनों फर्में हर्षिल घाटी क्षेत्र में आमील के उत्पादन से लेकर उसके प्रसंस्करण और बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करने में तकनीकी सहयोग देंगी। इन फर्मों की मदद से आमील से तैयार जूस, चटनी, जैम जैसे उत्पादों को ‘हिलांश’ ब्रांड के अंतर्गत बाजार में उतारा जाएगा।

उत्तराखंड में आमील का उत्पादन सबसे अधिक हर्षिल घाटी और गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में होता है। स्थानीय लोग लंबे समय से इसका उपयोग जूस और चटनी के रूप में करते आ रहे हैं। आमील को औषधीय दृष्टि से अत्यंत लाभकारी माना जाता है। यह ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने, हृदय व त्वचा संबंधी रोगों, गैस और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याओं के उपचार में सहायक है। इसमें ओमेगा-3, 6, 7 और 9 फैटी एसिड के साथ-साथ विटामिन सी, ई और आवश्यक अमीनो एसिड प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं।

वर्ष 2024 में आमील के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झाला गांव के आसपास के 50 से अधिक किसानों को इससे जोड़ा गया था। साथ ही इसे वाइब्रेंट विलेज योजना में शामिल करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया था, जिसे अब स्वीकृति मिल चुकी है।

ग्रामोत्थान परियोजना के प्रबंधक कपिल उपाध्याय ने बताया कि आमील के व्यवस्थित उत्पादन और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच से स्थानीय किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। शासन का मानना है कि इस पहल से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments