उत्तरकाशी।
जनपद उत्तरकाशी में यमुनोत्री हाईवे के समीप गुलदार के हमले से सनसनी फैल गई। बर्नीगाड गंगनानी धारा क्षेत्र के जंगलों में बकरी चरा रहे जरड़ा गांव के दो ग्रामीणों पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, जरड़ा गांव निवासी अभी सिंह पुत्र राम सिंह और पीनाठिया सिंह पुत्र कौंर सिंह यमुनोत्री हाईवे पर स्थित गंगनानी धारा के पास बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक अभी सिंह पर हमला कर दिया। साथी को बचाने के लिए पीनाठिया सिंह आगे बढ़े तो गुलदार ने उन पर भी झपट्टा मार दिया, जिससे वे भी घायल हो गए।
ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता प्रताप चौहान ने बताया कि इस क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पहली घटना है, जिससे बर्नीगाड कस्बे और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने जंगल से सटे इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
उप प्रभागीय वनाधिकारी, अपर यमुना वन प्रभाग साधु लाल पलियाल ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा और जल्द ही क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्ती टीम तैनात की जाएगी। वन विभाग की ओर से लोगों से सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की अपील की गई है।