Sunday, May 17, 2026
Homeअपराधविकासनगर में मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला, रंजिश में युवक ने...

विकासनगर में मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला, रंजिश में युवक ने पाठल से किए ताबड़तोड़ वार

Vikasnagar में रविवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के मेदनीपुर बद्रीपुर में एक सिरफिरे युवक ने रंजिश के चलते मेडिकल स्टोर संचालक पर धारदार हथियार ‘पाठल’ से हमला कर दिया। हमले में मेडिकल स्टोर संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, घायल मेडिकल स्टोर संचालक महेंद्र प्रतिष्ठा के पास स्थित एक नल से पानी भर रहा था। इसी दौरान आरोपी युवक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने अचानक बाइक रोकी और अपने पास छिपाकर रखा धारदार हथियार ‘पाठल’ निकाल लिया। इसके बाद उसने मेडिकल स्टोर संचालक पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।

अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग शोर सुनकर मौके की ओर दौड़े। भीड़ को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल महेंद्र को उपचार के लिए धर्मावाला स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और मामूली विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि करीब तीन दिन पहले आरोपी का मेडिकल स्टोर संचालक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments