Sunday, November 15, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डगले की चेन निकालकर महिला गैंग लूट रहा महिलाओं का चैन

गले की चेन निकालकर महिला गैंग लूट रहा महिलाओं का चैन

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में सक्रिय महिला गैंग ने महिलाओं का चैन छीन लिया है। तीन दिन में महिला गिरोह ने दो महिलाओं को निशाना बनाकर उनकी सोने की चेन लूट ली। वहीं मामला दर्ज होन के बाद भी मुखानी पुलिस अभी तक गिरोह के एक भी सदस्य को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। घरों सेंध लगाने और वाहन चोरी की घटनाओं के बाद महिला टप्पेबाजों के गिरोह ने महिलाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सवारी वाहनों में बैठी महिलाओं को बातों में उलझाकर वे उनके गले से चेन निकालकर फरार हो जाती हैं। दो महिलाओं को यह गिरोह शिकार बना चुका है।
कुसुमखेड़ा के एकता विहार की रहने वाली विमला रावत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन अक्तूबर को वह ऑटो में बैठकर कालाढूंगी की तरफ जा रही थीं। पीलीकोठी चौराहे से ऑटो में तीन महिलाएं और एक लड़की सवार हो गईं। बताया कि काफी देर तक पास में बैठी लड़की उनके पैर पर अपना पैर मारती रही, जब कुछ अजीब सा लगा तो उन्होंने नीचे झुककर पैर को साफ किया। उसके कुछ देर स्टॉप आने पर वह ऑटों से उतर गईं। थोड़ी देर बाद जब उन्होंने गले पर हाथ लगाया तो उनकी 22 ग्राम सोने की चेन गायब थी। वहीं इससे तीन दिन पहले 30 सितंबर को भी मुखानी क्षेत्र में ही इसी तरह की वारदात को महिला गैंग ने अंजाम दिया था। क्षेत्र की ही रहने वाली देवी शर्मा ने तहरीर में बताया कि 30 सितंबर को वह दांतों के इलाज के लिए जा रही थीं। लालडांठ से उनके ई-रिक्शा में चार महिलाएं और आठ साल की बच्ची सवार हुईं। उन्होंने जबरन उन्हें अपने बीच में बैठा लिया। कुछ देर बाद जब वह ई-रिक्शा से उतरीं तब तक उनके गले से दस ग्राम सोने की चेन गायब थी। मुखानी पुलिस ने दोनों पीड़िताओं की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों वारदातों का ये था तरीका
ज्यादातर सवारी वाहनों में बैठी एकल महिलाओं को देखकर गिरोह की महिलाएं छोटी बच्ची के साथ उसमें सवार होती हैं। बच्ची को महिला के पास बैठाया जाता है। बच्ची महिला के पैर पर बार-बार अपना पैर मारती है। किसी नुकीली चीज के कई बार लगने से सवारी के खून भी निकलने लगता है। चोट देखने के लिए जैसे ही सवारी का ध्यान उस पर जाता है, उसी दौरान उसके जेवरात पर महिला टप्पेबाज हाथ साफ कर देती हैं। वारदात इतनी सफाई से होती है कि पीड़ित को पता भी नहीं चल पाता है।
यूपी के गैंग की जतायी जा रही आशंका
शहर में सक्रिय महिला गिरोह यूपी से जुड़ा बताया जा रहा है। पहले यूपी के बरेली, रामपुर, कानपुर और गोरखपुर में भी इस तरह की वारदातें सामने आ चुकी हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह यूपी का हो सकता है जो यहां बड़ी वारदात करने के इरादे से आया हो। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। हमें कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं जिनपर पुलिस टीम काम कर रही है, जल्द ही आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। – पंकज भट्ट, एसएसपी, नैनीताल।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments