Thursday, September 17, 2026
Homeउत्तराखण्डअशुद्धिकरण, भ्रष्टाचार और पावन धामों पर झूठा नैरेटिव गढ़ने वालों का नकाब...

अशुद्धिकरण, भ्रष्टाचार और पावन धामों पर झूठा नैरेटिव गढ़ने वालों का नकाब उतारेगी भाजपा

देहरादून। भाजपा, आगामी विधानसभा चुनावों में विकास और जनकल्याणकारी उपलब्धि के साथ कांग्रेसी जातिवादी तथा विभाजनकारी राजनीति को भी मुद्दा बनाएगी। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा, बेशक पोल खुलने के बाद कांग्रेस इन मुद्दों पर खामोश हो जाए लेकिन एक जिम्मेदार पार्टी होने के नाते हम जातिवादी, भ्रष्टाचारी और नकारात्मक सोच के खिलाफ जनता को जागरूक करेंगे।

मीडिया सवालों के जवाब में जारी बयान में भट्ट ने कहा कि पार्टी 2027 के चुनावों में डबल इंजन सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कामों के साथ जनता के बीच जायेंगे। इसमें कोई दो राय नहीं कि पार्टी सकारात्मक मुद्दों के आधार पर पूर्णतया जवाबदेही के साथ मतदाताओं का आशीर्वाद लेने जाएगी। लेकिन एक जिम्मेदार और जवाबदेह राजनीतिक दल होने के नाते भाजपा का यह दायित्व भी है कि वह विपक्ष की नकारत्मक सोच को उजागर करे। इसी क्रम में अशुद्धिकरण, भ्रष्टाचार और देवभूमि के पावन धामों को लेकर झूठा व भ्रामक नैरेटिव खड़ा करने वाली ताकतों की पोल जनता के सामने हम खोलेंगे। क्यूंकि जिस तरह हल्द्वानी में हुई एक घटना को लेकर अशुद्धिकरण का झूठ, प्रदेश कांग्रेस ने फैलाया। इतना ही नहीं अपने केंद्रीय नेताओं के माध्यम से देश दुनिया में देवभूमि को बदनाम करने के प्रयास का पाप किया। उसके बाद अब कांग्रेस का देवभूमि की छवि खराब करने और समाज को बांटने के राजनैतिक षडयंत्र की पोल खुल गई है। इसी तरह इससे पूर्व भी केदारनाथ धाम को लेकर भी झूठ और भ्रम फैलाया गया, जिसे जनता ने नकारा। वहीं प्रदेश के विकास को बाधित करने को लेकर कांग्रेस भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगा रही है, जबकि इनकी सरकारों के पाप अब भी निकल कर आ रहे हैं।

भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए चेताया कि बेशक विपक्ष अपना दांव उल्टा पड़ता देख, सनातन धर्म और समाज को बांटने वाले मुद्दों पर वे चुप्पी साध लेंगे। परंतु, भाजपा जनता के सामने उनकी इस काली सोच और नकारात्मक विचारधारा को उजागर करती रहेगी। ताकि जब प्रदेश की सम्मानित जनता अपने प्रतिनिधि का चुनाव करे, तो उन्हें इस बात का पूरा अहसास हो कि कौन राजनीतिक फायदे के लिए समाज को बांटना चाहता है? कौन तुष्टिकरण को संरक्षण देकर देवभूमि की डेमोग्राफी बदलने का षड्यंत्र रच रहा है? कौन अफवाहें और भ्रम फैलाकर पवित्र चार धाम यात्रा को प्रभावित कर स्थानीय कारोबारियों के रोजगार पर चोट पहुंचा रहा है? और कौन सत्ता में रहते हुए राज्य के संसाधनों को लुटवाते थे और आज भ्रष्टाचार का झूठा-मनगढ़ंत मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं?

प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भाजपा, नकारात्मक और षड्यंत्रकारी राजनीति से देवभूमि की छवि धूमिल करने वालों के चेहरे से मुखौटा हटाकर रहेगी। पार्टी, प्रदेश भर में अभियान चलाकर जनता को जागरूक करेगी कि वे ऐसी ताकतों को पहचानें और उन प्रतिनिधियों का चयन करें जो देवभूमि के मतदाताओं के हाथों चुनी जाने वाली सरकार के पक्षधर हों तथा प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, सनातन विरासत और समग्र विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हों।

Post navigation

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments