Monday, May 4, 2026
Homeउत्तराखंडविकासनगर में बड़ी कार्रवाई: दो हिस्ट्रीशीटर छह माह के लिए जिला बदर,...

विकासनगर में बड़ी कार्रवाई: दो हिस्ट्रीशीटर छह माह के लिए जिला बदर, हिमाचल सीमा पर छोड़े गए

विकासनगर (देहरादून):
जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए विकासनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। पुलिस ने दोनों को उत्तराखंड की सीमा से बाहर हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली विकासनगर पुलिस ने सोमवार को गुंडा अधिनियम के तहत कश्यप मोहल्ला जीवनगढ़ निवासी राहुल कश्यप और मुस्लिम बस्ती निवासी आसिफ के खिलाफ यह कार्रवाई की। दोनों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने के कारण जिला प्रशासन ने उन्हें जनपद से बाहर करने का निर्णय लिया।

पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने आदेश जारी किए थे, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को जिले की सीमा से बाहर कर दिया।

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि राहुल कश्यप के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और नकबजनी समेत कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आसिफ के खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कुल 18 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, इन दोनों अपराधियों की गतिविधियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग होने का खतरा बना हुआ था। इसी को देखते हुए गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

दोनों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे छह माह की निर्धारित अवधि तक देहरादून जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे। यदि वे आदेश का उल्लंघन करते पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई की जानकारी हिमाचल प्रदेश पुलिस को भी दे दी गई है, ताकि सीमा क्षेत्र में निगरानी रखी जा सके।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments