हल्द्वानी। बेस अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में बिसरा नमूनों का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। बेस अस्पताल में सीएमएस ने कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। बेस अस्पताल में पोस्टमार्टम को बंद हुए सालों बीत गए हैं। हालांकि अभी भी यहां मानव बिसरा के कुछ नमूने रखे हुए हैं। पोस्टमार्टम हाउस में रखे इन बिसरा नमूनों को निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी बनाई गई है। कमेटी ने बुधवार को बेस अस्पताल में सीएमएस डॉ. सविता ह्यांकी के साथ बैठक की।
डॉ. सविता ने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस में सालों से बिसरा के नमूने रखे हुए हैं। इन पर कोई भी वैधानिक कार्रवाई लंबित नहीं है। इस वजह से इनका निस्तारण किया जा रहा है। कमेटी के सदस्य और एसटीएच के फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. सहिल खुराना ने बताया कि बिसरा नमूनों की जांच की गई है। कमेटी में इनके अलावा एसडीएम मनीष कुमार सिंह, सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी, बेस अस्पताल के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. केएस दताल शामिल हैं। इनके अलावा संयुक्त निदेशक (विधि) भी इसमें शामिल किए गए हैं।