बरसात के मौसम में भी चारधाम यात्रा के लिए तीर्थ यात्रियों की आस्था बनी हुई है। बुधवार को आईएसबीटी परिसर में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम जाने के लिए करीब 700 तीर्थ यात्रियों ने पंजीकरण कराया। सभी यात्री निजी वाहन और प्राइवेट वाहनों से चारधाम के लिए रवाना हुए। पर्वतीय क्षेत्रों में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण बदरीनाथ राजमार्ग और गंगोत्री राजमार्ग पर बोल्डर आ रहे हैं। जिसके कारण कई जगह राजमार्ग बाधित हो रहा है। मई से लेकर जून तक चारधाम यात्रा पीक पर रहती है। जुलाई से लेकर अगस्त तक करीब दो महीने बरसात के कारण यात्रा कम हो जाती है। लेकिन इन दिनों बरसात के मौसम में हरियाणा, मुंबई, दिल्ली, राजस्थान समेत विभिन्न प्रांतों के तीर्थ यात्री चारधाम के लिए अपना पंजीकरण करवा रहे हैं। यात्रा कम होने के कारण कई यात्री टीजीएमओ, रोडवेज और प्राइवेट वाहनों में सवार होकर चारधाम के लिए रवाना हो रहे हैं। इन दौरान इन यात्रियों को चारधाम के लिए सुगमता से वाहन उपलब्ध हो रहे हैं।