रुद्रपुर। ब्यूटी पार्लर में काम करने वाले दंपती व एक युवक ने ग्राहकों से मिले करीब 15 लाख रुपये डकार लिए। ब्यूटी पार्लर मालकिन ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए बताया कि यह लोग करीब आठ माह से ग्राहकों की रकम को अपनी जेब में रख रहे थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गोमतीनगर, लखनऊ (यूपी) निवासी प्रत्याशा ठाकुर ने बताया कि करीब तीन साल पहले उन्होंने शहर के आवास विकास में एक ब्यूटी पार्लर खोला था। उन्होंने ब्यूटीशियन के तौर पर कृष्णा कॉलोनी निवासी प्रियंका शर्मा को नौकरी पर रखा था। इसके बाद प्रियंका पर विश्वास करते हुए ब्यूटी पार्लर छोड़कर लखनऊ में रहने लगी थीं। पार्लर में पिछले साल दिसंबर में उन्होंने गांव कलई नगला, जिला रामपुर निवासी कासिम अली को हेयर ड्रेसर के रूप नियुक्त किया था।
आरोप है कि कासिम के आने के बाद से प्रियंका उन्हें ब्यूटी पार्लर से कमाई हुई रकम का हिसाब नहीं देती थी। इसके बाद प्रत्याशा को शक हुआ तो उसने पूछताछ शुरू की लेकिन तब भी वह बहाने बनाते रहे। इसके साथ ही पार्लर में प्रियंका के पति हरीश थापा का आना-जाना भी शुरू हो गया था। जब प्रत्याशा ने उनके मोबाइल चेक किए तो उसमें ग्राहकों से कमाए 15 लाख रुपये का विवरण मिला। कोतवाली पुलिस ने प्रत्याशा की तहरीर पर प्रियंका, हरीश और कासिम अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।